संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव
दो वर्ष पहले हुई थी शादी, बगल के कमरे में सो रही पत्नी; पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नारंगपुर में गुरुवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अरविंद के रूप में हुई है। उसकी शादी दो वर्ष पहले बुलंदशहर निवासी खुशी से हुई थी। अरविंद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात अरविंद पत्नी के साथ कमरे में सोया था। देर रात वह पत्नी को सोता छोड़कर बगल के कमरे में चला गया। गुरुवार सुबह पत्नी की नींद खुली तो पति कमरे में नहीं मिला। तलाश करने पर दूसरे कमरे में उसका शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। इसके बाद उसने शोर मचाया, जिस पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अरविंद अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि बड़ा भाई गाजियाबाद में परिवार के साथ रहता है।
थानाध्यक्ष सुदीश सिरोही ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।:


No comments:
Post a Comment