जैन धर्म से जुड़ी पोस्ट के बाद धमकियों का आरोप, एसएसपी से शिकायत करेंगे सुदीप जैन

मेरठ। विश्व श्रमण संस्कृति श्रीसंघ के राष्ट्रीय महामंत्री सुदीप जैन ने आरोप लगाया है कि जैन धर्म की परंपराओं से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट साझा करने के बाद उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनका कहना है कि विभिन्न मोबाइल नंबरों से फोन कर न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, बल्कि उनके परिवार के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

सुदीप जैन के अनुसार, उन्होंने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट साझा की थी, उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना नहीं था, बल्कि दिगम्बर जैन संस्थाओं द्वारा पहले से जारी सार्वजनिक घोषणा को लोगों तक पहुंचाना था। पोस्ट में स्वयं को "सूर्य सागर" कहने वाले व्यक्ति को दिगम्बर जैन मुनि नहीं मानने और उसकी गतिविधियों का जैन साधु परंपरा से संबंध न होने की बात कही गई थी।

उन्होंने बताया कि पोस्ट के बाद कई मोबाइल नंबरों से धमकी भरे कॉल आए, जिनमें जान से मारने की धमकी देने के साथ उनके परिवार के खिलाफ भी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया।

सुदीप जैन ने कहा कि वैचारिक मतभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन धमकी और अभद्रता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 17 जुलाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेरठ को शिकायत देकर संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाने, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की जाएगी।

विश्व श्रमण संस्कृति श्रीसंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौरभ जैन सर्राफ ने भी उत्तर प्रदेश पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और सुदीप जैन व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts