मेडिकल कॉलेज में डॉ. कैलाश प्रकाश की जयंती मनाई गई, योगदान को किया गया याद
मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक (एलएलआरएम) मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. स्वर्गीय कैलाश प्रकाश की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने कहा कि डॉ. कैलाश प्रकाश का मेरठ और पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास में योगदान अद्वितीय रहा है। उनके प्रयासों से क्षेत्र को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान मिली।
उप-प्राचार्य एवं अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञानेश्वर टांक ने कहा कि मेरठ में विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज की स्थापना का वास्तविक श्रेय डॉ. कैलाश प्रकाश को जाता है। उन्होंने शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में जो नींव रखी, उसका लाभ आज भी समाज को मिल रहा है।
श्री कैलाश प्रकाश जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि डॉ. कैलाश प्रकाश का जन्म मेरठ के परीक्षितगढ़ में एक सामान्य परिवार में हुआ था। महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की और जेल भी गए। आजादी के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षा एवं वित्त मंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।कार्यक्रम में संस्थान के सचिव सुभाष चंद्र, पूर्व संपादक पुष्पेंद्र शर्मा, अनुज सिंघल, विवेक गर्ग, अमित मांगलिक सहित श्री कैलाश प्रकाश जन सेवा संस्थान के पदाधिकारी एवं मेडिकल कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment