श्रावण मास और शिवरात्रि की तैयारियां तेज
औघड़नाथ मंदिर में सुरक्षा व सुविधाओं का खाका तैयार
मेरठ। श्री बाबा औघड़नाथ शिव मंदिर में आगामी श्रावण मास और महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को मंदिर कार्यालय में मंदिर समिति और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, बिजली, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
मंदिर समिति के महामंत्री सुनील गोयल ने बताया कि 30 जुलाई से श्रावण मास शुरू हो रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य आवश्यक इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश सिंघल ने बताया कि मंदिर के सामने पुलिस कैंप स्थापित किया जाएगा, जहां खोया-पाया केंद्र, चिकित्सा शिविर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा मंदिर के प्रथम तल पर सीसीटीवी कैमरों से लैस पुलिस कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जिससे पूरे परिसर की निगरानी की जा सकेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति की ओर से निःशुल्क जूता-घर, पेयजल और जनरेटर की व्यवस्था भी की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए गरुड़ द्वार से प्रवेश और नंदी द्वार से निकास की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
मंदिर समिति ने बताया कि 10 और 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर पूरी रात खुला रहेगा, जिससे श्रद्धालु लगातार जलाभिषेक और बाबा औघड़नाथ के दर्शन कर सकेंगे।
बैठक में एसडीएम मृदुला दुबे, सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता, सदर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्र, बिजली विभाग के अधिकारी, एडीसी नवीन भारा सहित मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश सिंघल, महामंत्री सुनील गोयल एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment