विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा:
जाहिदपुर झुग्गी में परिवार नियोजन के प्रति किया जागरूक
मेरठ। विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के अंतर्गत नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) जाहिदपुर झुग्गी में जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं पुरुषों को परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों की जानकारी देते हुए छोटे एवं स्वस्थ परिवार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यूपीएचसी के स्वास्थ्य कर्मियों, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) हरपाल सिंह तथा पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधियों ने जनसंख्या नियंत्रण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारत दुनिया का सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश बन चुका है और देश की आबादी 142 करोड़ से अधिक हो गई है, जबकि संसाधन सीमित हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जनसंख्या स्थिरता के प्रयासों में अपना योगदान दे।
वक्ताओं ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार, स्वास्थ्य विभाग, विभिन्न संस्थाएं तथा आशा कार्यकर्ता समुदाय स्तर पर घर-घर जाकर अस्थायी परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। वहीं स्थायी परिवार नियोजन के तहत नसबंदी सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि अब महिलाओं के साथ-साथ पुरुष भी परिवार को खुशहाल और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से परिवार नियोजन के स्थायी उपाय अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं। उपस्थित लोगों से परिवार नियोजन के उपलब्ध साधनों का लाभ उठाने और जागरूकता फैलाने की अपील की गई।


No comments:
Post a Comment