जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुनकर पुरस्कार चयन समिति की बैठक संपन्न

संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना के तहत मेरठ और बागपत के तीन बुनकर चयनित

मेरठ। विकास भवन सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में बुनकर पुरस्कार चयन हेतु गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के हथकरघा बुनकरों द्वारा तैयार उत्कृष्ट वस्त्रों एवं सैंपलों का मूल्यांकन कर वर्ष 2026-27 के लिए संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना के अंतर्गत परिक्षेत्रीय स्तर पर पुरस्कारों के लिए चयन किया गया।

चयन समिति ने परिक्षेत्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार के लिए मेरठ के मनोज गुप्ता (पुत्र प्रदीप कुमार), द्वितीय पुरस्कार के लिए बागपत के इस्लामुद्दीन (पुत्र मोहम्मद अली) तथा तृतीय पुरस्कार के लिए बागपत के प्रमोद कुमार (पुत्र धर्मपाल) का चयन किया।योजना के तहत परिक्षेत्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार के लिए 20 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए 15 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त (हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग) पश्चिमी क्षेत्र मेरठ-सहारनपुर मंडल अरविंद कुमार सिंह, बुनकर सेवा केंद्र मेरठ, यूपी हैंडलूम कॉरपोरेशन, यूपिका, उपायुक्त उद्योग तथा नामित बुनकर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts