कांवड़ यात्रा-2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विद्युत तैयारियों का एमडी ने किया निरीक्षण
दुधेश्वरनाथ मंदिर, साहिबाबाद और छोटा हरिद्वार क्षेत्र का दौरा,
पहली बार विद्युत पोलों पर लगाए जाएंगे पीवीसी कवर
मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने शनिवार को गाजियाबाद के दुधेश्वरनाथ मंदिर, साहिबाबाद तथा मुरादनगर स्थित गंग नहर (छोटा हरिद्वार) क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्युत व्यवस्थाओं और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने कांवड़ मार्ग पर स्थापित विद्युत पोलों, ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी विद्युत सुरक्षा संबंधी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे कर लिए जाएं। विद्युत पोलों की रैपिंग, ट्रांसफार्मरों की बैरीकेटिंग, आवश्यक स्थानों पर फेंसिंग तथा खुले विद्युत उपकरणों को पूरी तरह सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ढीले विद्युत तारों को तत्काल ठीक करने और बैरीकेटिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि इस वर्ष पहली बार भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख शिविरों और मंदिरों के आसपास विद्युत पोलों पर पीवीसी कवर लगाए जा रहे हैं। अन्य स्थानों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप पॉलीथीन रैपिंग की जाएगी। वर्षा ऋतु में नमी के कारण पोलों में करंट प्रवाह की आशंका को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर तैनात सभी नोडल अधिकारियों को कॉन्टैक्टलेस टेस्टर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे बिना सीधे संपर्क के विद्युत प्रवाह की जांच की जा सके और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
रवीश गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध विद्युत आपूर्ति निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें तथा सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (वितरण) नरेश भारती, मुख्य अभियंता बृजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता महेश उपाध्याय, अखिलेश सिंह, अधिशासी अभियंता अंकित कुमार, अजय यादव सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रबंध निदेशक के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।


No comments:
Post a Comment