भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई
- पहली गोली मारने वाला एसटीएफ जवान गिरफ्तारभोजपुर (एजेंसी)।
भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए कथित एनकाउंटर मामले में आखिरकार कानून का शिकंजा कस गया है। घटना के करीब डेढ़ महीने बाद पुलिस ने बिहार एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अक्षय कुमार पर आरोप है कि उसने 17 जून को बिलौटी गांव में आत्मसमर्पण कर चुके भरत तिवारी पर पहली गोली चलाई थी।
भरत के परिजनों और सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद से ही इस एनकाउंटर पर लगातार सवाल उठ रहे थे। आरोपी जवान घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर देर रात गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 17 जून को भोजपुर जिले में 28 वर्षीय भरत भूषण तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिजनों ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों और जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि भरत तिवारी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद उसे गोली मार दी गई। वहीं, पुलिस का दावा था कि भरत तिवारी ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई।
भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद परिवार ने आरोप लगाया था कि पुलिस कार्रवाई के दौरान भरत ने अपनी पिस्टल पुलिस के कहने पर फेंक दी थी और सरेंडर कर दिया था। इसके बाद भी उस पर गोली चलाई गई। जांच में अक्षय कुमार पर भरत के ऊपर पहली गोली चलाने का आरोप सामने आया।
फेसबुक लाइव वीडियो से बदला पूरा केस
इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब भरत तिवारी का एक सोशल मीडिया लाइव वीडियो सामने आया। इस वीडियो में साफ दिख रहा था कि भरत तिवारी ने पुलिस के सामने अपनी पिस्टल फेंक दी थी और हाथ उठाकर आत्मसमर्पण कर दिया था। भरत तिवारी की मां आशा देवी और भाई चंदन तिवारी का आरोप है कि निहत्था होने और सरेंडर करने के बावजूद एसटीएफ जवान अक्षय कुमार ने उस पर पहली गोली दागी। परिजनों के अनुसार भरत को कुल 5 गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार की शिकायत के आधार पर बिहार पुलिस ने जगदीशपुर के तत्कालीन डीएसपी, शाहपुर थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


No comments:
Post a Comment