वेंकटेश्वरा वर्ल्ड स्कूल में छात्र परिषद का पदग्रहण समारोह आयोजित
विराज सिंह बने हेड बॉय, एंजिल शर्मा ने हेड गर्ल पद की शपथ ली
मेरठ। दिल्ली बाईपास स्थित वेंकटेश्वरा वर्ल्ड स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद के पदग्रहण समारोह का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की चेयरपर्सन डॉ. अंजुल गिरी एवं प्रधानाचार्य संजया वालिया ने किया।
समारोह में नवनिर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को बैज एवं सैश पहनाकर नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। कक्षा 12 के छात्र विराज सिंह ने हेड बॉय तथा एंजिल शर्मा ने हेड गर्ल पद की शपथ ली। इसके अलावा वाइस हेड बॉय, वाइस हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन, कल्चरल हेड, डिसिप्लिन इंचार्ज, हाउस कैप्टन, कक्षा मॉनिटर एवं प्रीफेक्ट सहित विभिन्न पदों पर चयनित विद्यार्थियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और छात्र हितों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
चेयरपर्सन डॉ. अंजुल गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिम्मेदारी अपने साथ कर्तव्य भी लेकर आती है और उसका ईमानदारी से निर्वहन ही व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का आधार बनता है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य संजया वालिया ने विद्यार्थियों को सच्चाई, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इन्हीं मूल्यों के आधार पर विद्यार्थी भविष्य में सफलता की ऊंचाइयों को प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में हेडमिस्ट्रेस साक्षी सिंघल, कोऑर्डिनेटर चारु डुडेजा, मीडिया प्रभारी विश्वास राणा तथा विद्यालय के समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


No comments:
Post a Comment