एमआईईटी पब्लिक स्कूल में मेधावियों का सम्मान, 13.34 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित

सांसद अरुण गोविल बोले— प्रतिभा, संस्कार और अनुशासन से ही बनता है उज्ज्वल भविष्य

मेरठ। मवाना रोड स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए छात्रवृत्ति वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेरठ-हापुड़ लोकसभा सांसद अरुण गोविल, स्कूल चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, मैनेजर बरखा अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या रूपाली सहगल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

अपने संबोधन में सांसद अरुण गोविल ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने तक सीमित न रहकर नैतिक मूल्यों, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी आवश्यक बताते हुए विद्यार्थियों को रामायण पढ़ने और उसके आदर्शों को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।

समारोह में कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 23 छात्र-छात्राओं को कक्षा 11वीं एवं 12वीं की फीस में विशेष छात्रवृत्ति प्रदान की गई। विद्यालय ने इस वर्ष कुल 13 लाख 34 हजार रुपये की छात्रवृत्ति वितरित कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान किया।

कक्षा 10वीं में विभिन्न विषयों में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले 10 तथा कक्षा 12वीं के छह विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में कक्षा 10वीं में स्वर्थ सत्संगी ने प्रथम, ईशान कुमार दक्ष ने द्वितीय और आदित्य देव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 12वीं में साइंस संकाय के टॉपर यथार्थ सिंह, ह्यूमैनिटीज की टॉपर दिव्यांशी खरी तथा कॉमर्स के टॉपर कुशाग गोयल को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय ने कक्षा 1 से 9 तक प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। इसके अलावा एमआईईटी ओलंपियाड के आठ विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ओलंपियाड के प्रश्नपत्र आईआईटी के विशेषज्ञ फैकल्टी द्वारा तैयार किए गए थे, जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिला।

अनुशासन और नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देने के लिए कक्षा 5 के छात्र दिव्य चौधरी और कक्षा 7 के छात्र अथर्व त्यागी को 100 प्रतिशत उपस्थिति पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं 100 प्रतिशत टीचर अटेंडेंस अवार्ड प्रीति कथूरिया को दिया गया।

समारोह में शिक्षकों के योगदान को भी सम्मानित किया गया। टीचर्स एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड से छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

इस अवसर पर डॉ. हिमांशु शर्मा, श्रींजॉय बनर्जी, अजय चौधरी, एकता सक्सेना, सोनिका, विवेक, परिधि, सोनिया, नितिन भटनागर, अनुज और बिट्टू सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts