सीसीएसयू परिसर में मदर डेयरी आउटलेट का शुभारंभ

विद्यार्थियों को परिसर में ही मिलेंगी गुणवत्तापूर्ण दैनिक उपयोग की वस्तुएं

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में गुरुवार को कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने मदर डेयरी के नए आउटलेट का उद्घाटन किया। उन्होंने फीता काटकर आउटलेट का शुभारंभ किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया।

विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित इस आउटलेट पर मदर डेयरी के दूध एवं दुग्ध उत्पादों के अलावा ताजी सब्जियां, मौसमी फल, बिस्कुट, नमकीन तथा दैनिक उपयोग की अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध रहेगी। इससे छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आगंतुकों को परिसर में ही गुणवत्तापूर्ण एवं उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुएं आसानी से मिल सकेंगी।

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए समग्र एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि परिसर में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और विश्वसनीय खाद्य सामग्री उपलब्ध होने से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे उनके समय की बचत होगी और वे पढ़ाई एवं शोध कार्य पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र-हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। परिसर में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। भविष्य में भी विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह, वित्त अधिकारी रमेश चंद, प्रो. वीरपाल सिंह, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष प्रो. नीलू जैन गुप्ता, समन्वयक प्रो. कृष्णकांत शर्मा, प्रो. दिनेश कुमार, डायरेक्टर रैंकिंग प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, प्रो. अनुज कुमार, डॉ. अलका तिवारी, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. योगेंद्र कुमार गौतम, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी तथा मदर डेयरी के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts