कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम सख्त
दुकानों पर लाइसेंस, रेट लिस्ट और QR कोड अनिवार्य
खाद्य प्रतिष्ठानों की गुणवत्ता पर होगी कड़ी निगरानी, कांवड़ शिविरों में परोसे जाने वाले भोजन की भी होगी जांच
मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस एवं पंजीकरण, खाद्य गुणवत्ता और कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष निगरानी को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों के पास अभी तक खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण नहीं है, उन्हें चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही जीएसटी में पंजीकृत लेकिन खाद्य लाइसेंस से वंचित प्रतिष्ठानों को अभियान चलाकर लाइसेंस एवं पंजीकरण के दायरे में लाने के निर्देश दिए।
दुकानों पर लाइसेंस, रेट लिस्ट और QR कोड अनिवार्य
कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं। इसके अलावा प्रत्येक दुकान पर रेट लिस्ट और डिजिटल भुगतान के लिए QR कोड भी अनिवार्य रूप से लगाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और उपभोक्ताओं को पारदर्शी एवं बेहतर सुविधा मिल सके।
भोजन की गुणवत्ता पर रहेगी विशेष नजर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को खाद्य प्रतिष्ठानों के किचन का नियमित निरीक्षण करने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ शिविरों में परोसे जाने वाले भोजन की शुद्धता और स्वच्छता सुनिश्चित की जाए तथा यात्रा अवधि के दौरान सघन निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment