कांवड़ियों के वेश में सुरक्षा संभाल रही मेरठ पुलिस, हर थाने से जवान तैनात

नई रणनीति लागू, महिला पुलिसकर्मी भी रहेंगी श्रद्धालुओं के बीच; खंडित कांवड़ होने पर मिलेगा हरिद्वार का गंगाजल

मेरठ। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए मेरठ पुलिस ने इस बार नई सुरक्षा रणनीति अपनाई है। वर्दीधारी पुलिस के साथ-साथ कांवड़ियों के वेश में भी पुलिसकर्मियों को यात्रा मार्गों पर तैनात किया गया है। जिले के प्रत्येक थाने से आठ से दस पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों जैसी वेशभूषा में ड्यूटी पर लगाया गया है, ताकि वे श्रद्धालुओं के बीच रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख सकें।

इस विशेष व्यवस्था में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। महिला जवान महिला श्रद्धालुओं के बीच रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी और किसी भी शिकायत या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।

सादे वेश में तैनात पुलिसकर्मी कांवड़ मार्ग, शिविरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखेंगे। उनका मुख्य उद्देश्य संदिग्ध व्यक्तियों, अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर तुरंत कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस को सूचना देना होगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस नई रणनीति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।

खंडित कांवड़ होने पर मिलेगा गंगाजल

कांवड़ यात्रा के दौरान यदि किसी श्रद्धालु की कांवड़ खंडित हो जाती है तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं होगी। पुलिस ने इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की है। अधिकारियों के निर्देश पर जिले के सभी थानों में हरिद्वार से गंगाजल मंगाकर सुरक्षित रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनकी धार्मिक यात्रा बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts