प्रदेशीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में आरजी इंटर कॉलेज की बालिका टीम उपविजेता
मेरठ। झांसी में आयोजित प्रदेशीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में मेरठ के आरजी इंटर कॉलेज की बालिका हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में टीम को झांसी मंडल के हाथों 2-1 से हार का सामना करना पड़ा।
मुकाबले की शुरुआत मेरठ के पक्ष में रही। पांचवें मिनट में इशिका गोयल ने आस्था द्विवेदी के सटीक पास पर गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि 25वें मिनट में झांसी को मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल होने से स्कोर 1-1 से बराबर हो गया।
निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही, लेकिन अंतिम क्षणों में झांसी ने निर्णायक गोल कर मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही आरजी इंटर कॉलेज की टीम उपविजेता रही।
टीम की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या अंजु रानी, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष विवेक कोहली, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनीत त्यागी, कोषाध्यक्ष रजनीश कौशल, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव, हॉकी प्रशिक्षक भूपेश कुमार, जोगेंद्र सिंह, ममता यादव, शिवानी शर्मा, प्रभा ठाकुर, तजमुल जैदी, संदीप चौधरी, ज्योति तालियान, सुहेल अहमद तथा जिला हॉकी संघ के सचिव प्रदीप चिन्योटी ने टीम मैनेजर तरुणिका और कोच खुशी शर्मा को बधाई दी। उन्होंने बताया कि मेरठ लौटने पर उपविजेता टीम का सम्मान किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment