सीसीएसयू में 2 अगस्त को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान, प्रधानमंत्री का संबोधन होगा लाइव

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में 2 अगस्त को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। देशभर के 125 विश्वविद्यालयों में चयनित संस्थानों में सीसीएसयू भी शामिल है।

विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिसे शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी सामूहिक रूप से सुनेंगे।

अभियान के तहत सुबह 7 बजे से भजन-कीर्तन, सत्संग, योग, ध्यान, वॉकाथॉन, मैराथन, साइकिल रैली, फिटनेस गतिविधियां, खेल प्रतियोगिताएं, संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान, मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, स्लोगन लेखन और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर और सेवा गतिविधियों का भी आयोजन होगा।

शुक्रवार को कार्यवाहक कुलपति प्रो. हरे कृष्ण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न गतिविधियों के लिए संयोजकों की जिम्मेदारियां तय की गईं और अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प के साथ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts