भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की रीढ़
कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाता है संगठन की ताकत, किसी भी कीमत पर नहीं होगा उत्पीड़न: अजय भारद्वाज
SIR अभियान में जुटे मेरठ शहर विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
मेरठ। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मेरठ शहर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मान में शनिवार को रेलवे रोड स्थित जैन बोर्डिंग हाउस में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभियान के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने वाले सैकड़ों कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पंडित सुनील भराला रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रसेन मंडल अध्यक्ष विकास गुप्ता ने की, जबकि भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक *विनीत शारदा अग्रवाल* विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में पंडित सुनील भराला ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। SIR अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक संगठन है जो बूथ और वार्ड स्तर तक कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं के योगदान को पहचानता है और उनका सम्मान करता है। कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण ही संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में पहली बार वार्ड एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने की ऐसी परंपरा प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि यह पहल कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाली है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा अजय भारद्वाज ने कहा कि SIR अभियान में लगे किसी भी कार्यकर्ता का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी कार्यकर्ताओं के साथ अनुचित व्यवहार करता है तो संगठन पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा होगा और लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध किया जाएगा।
पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान की यह प्रेरणादायी सोच पंडित सुनील भराला की है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की नींव है और उनके सम्मान से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान करना वास्तव में संगठन की शक्ति का सम्मान करना है।कार्यक्रम में पूर्व विधायक हरपाल सैनी, पूर्व विधान परिषद सदस्य लोकेश प्रजापति, भाजपा के पूर्व प्रत्याशी विजेंद्र लोहरे, सभासदराजीव गुप्ता,पूनम गुप्ता,संदीप रेवड़ी सहित दर्जनों सभासद, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment