डोसे में निकला कीड़ा, खाने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी
वीडियो वायरल होने पर खाद्य विभाग ने शुरू की जांच
गाजियाबाद। खोड़ा इलाके के एक रेस्टोरेंट में डोसे में कीड़ा मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग हरकत में आ गया है और रेस्टोरेंट से सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता अनुराग कटियार ने बताया कि उन्होंने 4 जून को खोड़ा स्थित श्री जी श्याम डेयरी रेस्टोरेंट से डोसा खरीदा था। घर पहुंचकर जब उन्होंने डोसा खाना शुरू किया तो उसमें एक छोटा कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने इसका वीडियो भी बना लिया।अनुराग कटियार का आरोप है कि दूषित डोसा खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी तथा दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें इलाज कराना पड़ा। उनके अनुसार मेडिकल रिपोर्ट उनके पास मौजूद है।घटना के बाद उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में शिकायत दर्ज कराई और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर रेस्टोरेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जांच पूरी होने तक रेस्टोरेंट का संचालन अस्थायी रूप से बंद किया जाए।
वीडियो वायरल होने के बाद FSDA की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया और डोसे के सैंपल जांच के लिए लिए। इसके अलावा किचन की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की भी जांच की गई।
शिकायतकर्ता अनुराग कटियार ने कहा कि उन्होंने पैसे देकर खाना खरीदा था, लेकिन उसमें कीड़ा मिला जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो ताकि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो।
फिलहाल रेस्टोरेंट संचालक की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। खाद्य विभाग ने कहा है कि सैंपल को लैब भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment