कल से 48 सेंटरों पर शुरू होगी तीन दिन चलने वाली पुलिस कांस्टेबिल भर्ती परीक्षा
8 से दस जून तक चलने वाली परीक्षा में बैठेंगे 1.32 लाख अभ्यर्थी
एक पाली में 22 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत, CCTV से होगी निगरानी
मेरठ। यूपी पुलिस की कांस्टेबल भर्ती परीक्षा सोमवार से शुरु हो रही है। तीन दिन यानि 8, 9 और 10 जून को यह परीक्षा होगी, जिसमें 1.32 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।प्रत्येक सेंटर पर कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था ना बिगड़े, इसको देखते हुए भी अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 48 सेंटर बनाए गए हैं। इनमें 37 सेंटर शहरी क्षेत्र और 11 सेंटर देहात क्षेत्र में हैं। तीन दिन और छह पाली में यह परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। सुबह 10 से 12 और दोपहर में तीन से पांच बजे यह परीक्षा होगी। एक पाली की बात करें तो अभ्यर्थियों का आंकड़ा लगभग 22032 है।
बायोमेट्रिक के बाद मिलेगा केंद्र में प्रवेश
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी को अपना एडमिट कार्ड लाना होगा। केंद्र पर डाक्यूमेंट की जांच के बाद बायोमेट्रिक प्रक्रिया से होकर गुजरना होगा। यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की तरफ से इंतजाम किए गए हैं।जिसमें अगर किसी अभ्यर्थी को अपने हॉल टिकट व परीक्षा केंद्र की जानकारी लेनी है तो वह पंजीकरण नंबर और जन्म तिथि डालकर जानकारी ले सकता है।
एक क्लिक पर मिलेगी केंद्र की जानकारी
दूसरे जनपदों से अभ्यर्थी यहां परीक्षा देने पहुंच रहे हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में उन्हें मशक्कत ना करनी पड़े, इसके भी इंतजाम किए गए हैं। यहां लोकल प्रशासन की तरफ से शहर के दोनों रोडवेज बस अड्डों यानि भैसाली डिपो और सोहराबगेट डिपो पर बार कोड स्कैन कैनोपी लगाई गई है।यहां मौजूद व्यक्ति बार कोड स्कैन कर तत्काल केंद्र का रूट उपलब्ध कराएगा।
सीसीटीवी कैमरों से लैस हुए सभी परीक्षा केंद्र
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की शुचिता बनी रहे, इसको लेकर खासी मशक्कत की गई है। सभी 48 केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। यहां प्रवेश द्वार से लेकर भीतर परीक्षा कक्ष तक अभ्यर्थी कड़ी निगरानी में रहेगा। अंदर परीक्षा कक्ष में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।एक कंट्रोल रूम केंद्र पर बनाया गया है। यह सभी कंट्रोल रूम जिले के पुलिस लाइन में बनाए गए परीक्षा कक्ष से लाइव देखे जा सकेंगे।
ट्रेफिक व्यवस्था के भी अतिरिक्त इंतजाम
लगभग 40 हजार अभ्यर्थी प्रत्येक दिन जिले में पहुंचेगा। ऐसे में यातायात व्यवस्था ना बिगड़े, इसको लेकर भी व्यवस्था तैयार की गई है। चारों ट्रैफिक इंस्पेक्टर घूम घूमकर व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे। करीब 12 चोक प्वाइंट हैं, जिन पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी। QRT को भी तैयार किया गया है जो जाम की सूचना मिलते ही एक्टिव होगी।
खुफिया एजेंसिया भी परीक्षा को लेकर सजग
परीक्षा निर्विघ्न संपन्न हो, इसको देखते हुए पुलिस प्रशासन ने खुफिया एजेंसियों की भी मदद ली है। लोकल इन्वेस्टीगेशन यूनिट के साथ ही एसटीएफ जैसी बड़ी यूनिट भी अपने स्तर से परीक्षा पर नजर बनाए हुए हैं। अलग अलग टीमें बनाई गई हैं, जो पूर्व की परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों से लेकर नये चेहरों पर नजर बनाए हुए है।


No comments:
Post a Comment