शोभित विश्वविद्यालय में युवा प्रतिभाओं ने दिखाया तकनीकी कौशल
मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय के एआईसीटीई आइडिया लैब में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस-2026 उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का विषय “उत्तरदायी नवाचार एवं समावेशी विकास” रहा, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तकनीकी नवाचार एवं समाजोपयोगी अनुसंधान को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने अपने रचनात्मक हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर मॉडल प्रस्तुत किए, जिन्होंने सभी का ध्यान आकर्षित किया। हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर मॉडल श्रेणियों में कुल 37 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपनी तकनीकी प्रतिभा एवं रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर दो श्रेणियों में आयोजित किया गया। हार्डवेयर श्रेणी में बी.टेक. कंप्यूटर साइंस के मुकुल पांडेय एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आमिर एवं उनकी टीम द्वितीय तथा बी.टेक. बायोमेडिकल के आयुष मिश्रा एवं उनकी टीम तृतीय स्थान पर रहे। वहीं सॉफ्टवेयर श्रेणी में बी.टेक. कंप्यूटर साइंस के श्रीनिवास शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवम मिश्रा एवं उनकी टीम को द्वितीय तथा पंकज कुमार एवं उनकी टीम को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकगण एवं विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को तकनीकी अनुसंधान एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। अंत में दोनों श्रेणियों के विजेता प्रतिभागियों एवं टीमों को आकर्षक उपहार, पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


No comments:
Post a Comment