मुरादाबाद में पीतल कारोबारी के घर करोड़ों की डकैती
परिवार को बंधक बनाकर नकदी-ज्वेलरी लूटी
मुरादाबाद। मुरादाबाद के नागफनी थाना क्षेत्र स्थित अकबर कंपाउंड इलाके में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई। नकाबपोश बदमाशों ने पीतल कारोबारी के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और करोड़ों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, नागफनी क्षेत्र के अकबर कंपाउंड निवासी पीतल कारोबारी मोहम्मद असलम के घर करीब तड़के 3:40 बजे 5 नकाबपोश बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों को हथियारों के बल पर कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने घर में जमकर लूटपाट की। पीड़ित परिवार के मुताबिक करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये की नकदी, लगभग 6 तोला सोना, अन्य ज्वेलरी और कीमती सामान लूट लिया गया। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद घर में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए, ताकि कोई सबूत न बच सके।
घटना के दौरान परिवार के लोग बेहद सहमे हुए थे। गृहस्वामिनी ने बताया कि बदमाश काफी देर तक घर के अंदर रहे और अलमारियों, लॉकर और कमरों की तलाशी लेते रहे। परिवार के सदस्यों को एक जगह बैठाकर रखा गया और उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी रणविजय सिंह, सीओ कोतवाली और नागफनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और घर के भीतर से कई अहम सुराग एकत्र किए।
पुलिस का कहना है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की संख्या 5 बताई जा रही है और सभी ने अपने चेहरे ढके हुए थे। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि घटना का जल्द खुलासा करने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस बड़ी डकैती की घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।


No comments:
Post a Comment