बंगाल में शुभेंदु सरकार का एक्शन शुरू
मंत्रियों को विभागों का आवंटन, दिलीप घोष और अग्निमित्रा पॉल को मिले अहम मंत्रालय
गृह मंत्रालय समेत शेष सभी विभागों की जिम्मेदारी स्वयं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी संभालेंगे
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को अपने मंत्रिपरिषद के पहले पांच सदस्यों को विभागों का आवंटन कर दिया है। सरकारी अधिसूचना के अनुसार, वरिष्ठ भाजपा नेताओं को प्रशासनिक, जन कल्याण और क्षेत्रीय विकास के महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा ने इसे संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक प्रतिनिधित्व के बीच एक "संतुलित बंटवारा" बताया है। नंदीग्राम में ममता बनर्जी को शिकस्त देने वाले शुभेंदु अधिकारी अब मुख्यमंत्री के रूप में बंगाल की सत्ता संभालते ही विकास के रोडमैप पर काम शुरू कर चुके हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष को राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जमीनी शासन के लिए सबसे महत्वपूर्ण पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग सौंपा गया है। इसके साथ ही वे पशु संसाधन विकास और कृषि विपणन विभाग का कार्यभार भी संभालेंगे। वहीं, अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभाग के साथ-साथ नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास शहरी विकास और जन कल्याण से जुड़े दो प्रमुख पोर्टफोलियो होंगे।
निशिथ प्रमाणिक संभालेंगे उत्तर बंगाल का जिम्मा
केंद्रीय राजनीति से राज्य में आए निशिथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास विभाग के साथ-साथ युवा सेवा और खेल मंत्रालय सौंपा गया है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण उत्तर बंगाल के विकास के साथ-साथ युवाओं और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का जिम्मा उनके कंधों पर होगा।
अन्य मंत्रियों के विभाग
अशोक कीर्तनिया: खाद्य एवं आपूर्ति और सहकारिता विभाग।
क्षुदिराम टुडू: जनजातीय विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक मामले और मदरसा शिक्षा विभाग।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी: अधिसूचना के अनुसार, शेष सभी विभागों की देखरेख स्वयं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी करेंगे।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुआ था ऐतिहासिक शपथ ग्रहण
बता दें कि शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल आर.एन. रवि ने शुभेंदु अधिकारी और उनके पांच मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित थे।
पश्चिम बंगाल के सीईओ मनोज अग्रवाल बने प्रदेश के मुख्य सचिव
पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव आयुक्त मनोज अग्रवाल शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार में मुख्य सचिव का पदभार संभालेंगे। सोमवार को जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। पश्चिम बंगाल कैडर के 1990 बैच के आईएएस अधिकारी अग्रवाल ने विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में चुनाव आयोग द्वारा अनिवार्य एसआईआर प्रक्रिया का नेतृत्व किया था, जिसमें लगभग 91 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए थे। आदेश में कहा गया है कि मौजूदा मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला को नई दिल्ली में प्रधान रेजिडेंट कमिश्नर नियुक्त किया गया है। 1993 बैच के आईएएस अधिकारी नारियाला को चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल का मुख्य सचिव नियुक्त किया था और इस तरह नंदिनी चक्रवर्ती को राज्य के टॉप ब्यूरोक्रेट के पद से हटा दिया गया था।


No comments:
Post a Comment