मिडिल विंग इन्वेस्टीचर सेरेमनी में नई छात्र परिषद का गठन
मेरठ। बुधवार को के,एल, इंटरनेशनल स्कूल में मिडिल विंग के छात्र परिषद के गठन के लिए 'Inspire' थीम पर आधारित इन्वेस्टीचर सेरेमनी का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि मेरठ, एसपी सिटी, विनायक गोपाल भोंसले (IAS) रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी एवं अनुशासन की भावना का विकास करना था। सर्वप्रथम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि का विद्यालय के वाइस चेयरमैन तेजेंद्र खुराना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि, वाइस चेयरमैन, डायरेक्टर हरनीत खुराना एवं प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते हुए विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत की गई जिसमें अनुशासन, एकता की झलक देखने को मिली। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने मोटिवेशनल गीतों पर सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को उत्साह से भर दिया। मुख्य अतिथि, प्रबंधक वर्ग एवं प्रधानाचार्य ने नव निर्वाचित छात्र नेताओं को बैज व सैश पहनाकर उन्हें नेतृत्व, अनुशासन, समर्पण एवं सेवा जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने हेतु प्रेरित किया व एकेडमिक कैप्टन, हाउस कैप्टन, क्लब प्रेसिडेंट एवं छात्र परिषद के अन्य सदस्यों को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते हुए विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।


No comments:
Post a Comment