आईआईएमटी विवि में होगा उत्तर प्रदेश स्टेट किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का भव्य आयोजन
- 11 से 13 मई 2026 तक होगा उत्तर प्रदेश स्टेट किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन
- उत्तर प्रदेश के लगभग 45 जिलों से करीब 350 खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
मेरठ। आईआईएमटी विवि में 11 से 13 मई 2026 तक “उत्तर प्रदेश स्टेट किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026” का आयोजन किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के लगभग 45 जिलों से करीब 350 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
यह प्रतियोगिता किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित की जा रही है, जिसे उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन एवं वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन से मान्यता प्राप्त है। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा, जिनका आयोजन मध्य प्रदेश, ओडिशा एवं अहमदाबाद में प्रस्तावित है।
प्रतियोगिता में प्रदेश के पूर्वांचल एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख जिले भाग लेंगे। पूर्वांचल से वाराणसी, लखनऊ, आजमगढ़, बलिया, प्रयागराज, गाजीपुर सहित अनेक जिले प्रतिभाग करेंगे, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत एवं अन्य जिलों के खिलाड़ी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी प्रतिभाग करेंगे, जिससे आयोजन का स्तर और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक एवं आकर्षक रहेगा।
उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन एवं किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सैयद राफत रिजवी के निर्देशन में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में जनरल सेक्रेटरी अरविंद शेरवालिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं मेरठ जिला सचिव आदित्य मकोरवाल द्वारा खिलाड़ियों के समन्वय, जिला स्तर की व्यवस्थाओं एवं आयोजन की तैयारियों को मजबूती से संभाला जा रहा है। ट्रेजरर सुशील कौशिक भी आयोजन समिति के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप की संपूर्ण व्यवस्थाओं एवं आयोजन की जिम्मेदारी स्पोर्ट्स ऑफिसर आन्शी शर्मा द्वारा संभाली जा रही है। यह आयोजन डीन ऑफ फिजिकल एजुकेशन डॉ वरेन्द्र सिंह पटियाल, डीन एक्टिविटीज डॉ लखविन्दर सिंह एवं डायरेक्टर एडमिन डॉ संदीप कुमार के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न कराया जाएगा।आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता प्रदेश में किकबॉक्सिंग खेल को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।


No comments:
Post a Comment