“अब आशा का घर ही बनेगा स्वास्थ्य सेवाओं का नया केंद्र”
“हर घर स्क्रीनिंग, हर मरीज की समय पर पहचान”
मेरठ। पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र, के एमओआईसी डॉ. अंकुर त्यागी द्वारा “आशा केंद्र” नामक एक अभिनव जनस्वास्थ्य पहल की शुरुआत की गई है। इस मॉडल के अंतर्गत आशा कार्यकर्ता का घर ही “मिनी हेल्थ सेंटर” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ समुदाय के लोगों की बीपी, शुगर, वजन एवं प्राथमिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जाएगी।
इस पहल के अंतर्गत आशाओं को बीपी मशीन, ग्लूकोमीटर, वेट मशीन, पल्स ऑक्सीमीटर एवं कैंसर स्क्रीनिंग संबंधी जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराई गई है। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर CBAC Form भरते हुए ऐसे मरीजों की पहचान करेंगी जिन्हें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, स्तन कैंसर, मुख कैंसर अथवा गर्भाशय कैंसर की संभावना है। ऐसे मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को सीधे समुदाय तक पहुँचाना एवं आशाओं को स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी बनाना है। वर्तमान में प्रियंका आशा, गुड्डी आशा एवं मंजू आशा द्वारा इस मॉडल पर कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। लगभग 8000 से 12000 परिवारों को सीधे स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
“माँ आरोग्य मित्र” मॉडल के साथ मिलकर यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं के सामुदायिक विस्तार, आशा सशक्तिकरण एवं प्रारंभिक रोग पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार यह मॉडल भविष्य में ग्रामीण एवं शहरी समुदाय आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक नई दिशा साबित हो सकता है।


No comments:
Post a Comment