प्रियंका व अन्नू रानी  राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई करने में विफल

10,000 मीटर रेस वॉक में चौथे स्थान पर रहीं प्रियंका

दूसरे स्थान पर रहने के बाद भी क्वाइलीफाई नहीं कर सकी अन्नू रानी 

मेरठ। रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित 29वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में महिलाओं की 10,000 मीटर रेस वाक स्पर्धा में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता और स्टार एथलीट प्रियंका गोस्वामी इस महत्वपूर्ण राष्ट्रमंडल खेल क्वालीफायर इवेंट में चौथे स्थान पर रहीं और अपना खिताब बचाने में नाकाम रहीं।

अंतराल के बाद भारतीय ट्रैक पर वापसी कर प्रियंका ने 45:57.21 मिनट का समय निकाला, जो राष्ट्रमंडल खेलों के निर्धारित क्वालीफिकेशन मार्क 44:44.58 मिनट से काफी पीछे था। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक हरियाणा की रवीना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीता। रवीना ने 44:29.66 का समय निकालकर न केवल पहला स्थान हासिल किया, बल्कि राष्ट्रमंडल खेलों का क्वालीफाइंग मार्क भी पार कर लिया।

आल इंडिया पुलिस की रेशमा पटेल ने 44:57.94 के समय के साथ रजत और उत्तर प्रदेश की मुनिता प्रजापति ने 45:23.92 के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रियंका गोस्वामी भारतीय रेस वाक का एक बहुत बड़ा नाम हैं। महिलाओं की 10,000 मीटर रेस वाक का राष्ट्रीय रिकार्ड उन्हीं के नाम दर्ज है। उन्होंने छह अगस्त 2022 को बर्मिंघम में 43:38.83 का बेहतरीन समय निकालते हुए यह राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया था।

उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रियंका से इस प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक की उम्मीद थी, लेकिन 45:57.21 के साधारण प्रदर्शन के कारण उन्हें पोडियम से बाहर रहना पड़ा। अब प्रशंसकों और खेल प्रेमियों को उनकी फार्म में वापसी का इंतजार रहेगा ताकि वह आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन कर सकें। भाला फेंक ओलंपियन एथलीट अन्नू रानी के साथ भी ऐसा ही हुआ। 12 वर्ष तक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टाप पर रहीं अन्नू रानी इसी प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहीं और कामनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकीं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts