ऐसी युवतियों के 'खाते' में भी पहुंचा दिए गए 30-30 हजार, जिनका दुनिया में ही अस्तित्व नहीं

तत्कालीन अधिकारी शेषनाथ पांडेय ने किया बड़ा छात्रवृत्ति घोटाला

हमारी बेटी, उसका कल' योजना में भी 52 लाख का फर्जीवाड़ा

मेरठ। तत्कालीन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शेषनाथ पांडेय द्वारा छात्रवृत्ति में किए गए घोटाले की एक और परत खुली है। उन्होंने मदरसों के छात्रों की संख्या में हेराफेरी के साथ-साथ अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों की छात्रवृत्ति बहुसंख्यक समुदाय के छात्रों को भी बांट दी। खास बात यह है कि जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कार्यालय के रिकार्ड में अल्पसंख्यक छात्रों के नाम दर्शाए गए हैं। छात्रवृत्ति मामले की जांच कर रहे कमिश्नर भानु चंद गोस्वामी ने 24 अप्रैल को शेषनाथ पांडेय को दोषी मानते हुए रिपोर्ट शासन को भेजी है। अब आगे की कार्रवाई शासन तय करेगा।

विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय मंत्री एवं शिकायतकर्ता विनोद कुमार ने बताया कि उनकी शिकायत पर शासन स्तर से कमिश्नर मेरठ को अलग से जांच के आदेश दिए थे। कमिश्नर की जांच में सामने आया कि तत्कालीन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शेषनाथ पांडेय ने अल्पसंख्यक छात्रों को छात्रवृत्ति बांटने के लिए शासन से बजट मंगाया, लेकिन छात्रवृत्ति की धनराशि बहुसंख्यक छात्रों के खातों में भेज दी। जांच कमेटी ने बैंक में संपर्क किया तो पता चला कि अंकित शर्मा, दिवाकर पांडेय, कपिल गिरी, विभोर गुप्ता, आकाश जसवाल, नेहा गोयल नाम से खुले खातों में 30-30 हजार भेजे गए हैं।

सपा सरकार में शुरू हुई ‘हमारी बेटी-उसका कल’ योजना के तहत अल्पसंख्यक परिवारों की कक्षा 10 पास बेटियों को आगे की पढ़ाई या शादी के लिए 30 हजार रुपये अनुदान मिला करता था। आर्थिक अपराध शाखा की जांच में सामने आया है कि इस योजना के तहत ऐसी हिंदू युवतियों के खाते खुलवाए गए, जिनका अस्तित्व ही नहीं है। इन खातों में 52 लाख रुपये भेजे गए।

घोटाला लगभग सामने आ चुका है

छात्रवृत्ति का पूरा घोटाला लगभग सामने आ चुका है। हमारी बेटी-उसका कल योजना में हुए फर्जीवाड़ा के दस्तावेज जुटाकर इनका अवलोकन किया जा रहा है। 

जितेंद्र कालरा, सीओ, आर्थिक अपराध शाखा व जांच अधिकारी

इन खातों में भेजी गई छात्रवृत्ति की रकम

खाताधारक          खाता संख्या

आकाश जसवाल     000354802010051385 (पीएनबी)

अंकित शर्मा          000354802010051438

दिवाकर पांडेय       000354802010052597

कपिल गिरि          2533001500036271 (यूनियन बैंक)

विभोर गुप्ता          2533001500032619

नेहा गोयल           2533001500036174

नोट : सभी खातों में 30-30 हजार रुपये भेजे गए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts