मार्कशीट निकलवाने के बहाने छात्रा से दो हजार रुपये ठगे

बीएड की मार्कशीट निकलवाने का दिया था झांसा, रुपये लौटाने पर छोड़ा

मेरठ।चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में मार्कशीट निकलवाने का झांसा देकर एक युवक ने छात्रा से दो हजार रुपये हड़प लिए। छात्रा के समर्थन में हंगामा हुआ तो पुलिस एक्टिव हो गई और आरोपी को दबोच लिया। बाद में रुपये लौटाने और मांफी मांगने पर आरोपी को छोड़ दिया गया। पूरी घटना पर छात्र नेताओं ने नाराजगी जताई है।

रामपुर की एक छात्रा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में अपनी बीएड की मार्कशीट निकलवाने पहुंची। छात्रा ने बताया कि यहां एक युवक से उसकी मुलाकात हुई, जिसने अपना नाम जुबैर अहमद बताया और 24 घंटे के भीतर छात्रा को मार्कशीट दिलाने का आश्वासन दिया और दो हजार रुपये ले लिए।

युवक ने छात्रा को अपना मोबाइल नंबर दिया और बुधवार सुबह मार्कशीट देने की बात कही। बुधवार सुबह छात्रा कैंपस पहुंची और युवक का इंतजार करने लगी। काफी देर तक युवक का जब कोई फोन नहीं आया तो छात्रा ने फोन मिलाना शुरु कर दिया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद छात्रा ने हंगामा कर दिया।

हंगामे की सूचना पर जुटे छात्र नेता

छात्रा द्वारा हंगामा किये जाने की सूचना पाकर कई छात्र नेता कैंपस पहुंच गए। छात्रा ने बताया कि UPTET के फार्म की लास्ट डेट 26 अप्रैल है। बीएड की मार्कशीट की आवश्यकता है। जल्दी मार्कशीट निकल जाए इसलिए उस युवक पर भरोसा किया और उसे 2000 रुपये दे दिए। अब वह फोन रिसीव नहीं कर रहा है। कुछ और छात्र वहां पहुंचे, जिन्होंने इसी तरह की शिकायत की।

हंगामा हुआ तो आई कॉल

इस मामले को लेकर छात्र नेताओं ने हंगामा कर दिया। उन्होंने भी आरोपी युवक का फोन मिलाना शुरु कर दिया। कई घंटे बाद शाम को छात्रा के पास आरोपी युवक का फोन आया। छात्रा ने उससे अपने पैसे मांगे तो वह बस अड्डे पर बुलाने लगा। इसके बाद पुलिस ने उससे बात की और यूनिवर्सिटी बुला लिया।

रातभर बस अड्डे पर रुकी छात्रा

रामपुर से आई छात्रा रातभर बस अड्डे पर ही सोई। उसने बताया कि वह खाना तक नहीं खा पाई है। युवक के आने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। काफी देर गहमागहमी होती रही। छात्रा ने तहरीर तक मांगी गई लेकिन उसने मना कर दिया। बाद में आरोपी ने मांफी मांगी और छात्रा के रुपये लौटा दिए। इसके बाद छात्रा लौट गई।

छात्र नेता बोले- परिसर में दलाल सक्रिय

छात्र नेता आदेश प्रधान ने रामपुर की छात्रा से हुई इस घटना को शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि कैंपस के अधिकांश विभाग के बाहर दलाल एक्टिव हो गए हैं जो भोले-भाले छात्र-छात्राओं को अपना शिकार बनाते हैं। ऐसा नहीं है कि सीसीएसयू प्रशासन को जानकारी नहीं है लेकिन उसके बावजूद इस तरफ कोई देखने वाला नहीं है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts