व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने 5 विकेट से मैच जीता
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर सोमवार को लीग दूसरा मैच शाम छह बजे से व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर और शुभम स्मैशर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। शुभम स्मैशर्स के सलामी बल्लेबाज कप्तान प्रियम गर्ग और काव्य तेवतिया ने तेज शुरुआत की। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाले प्रियम गर्ग 12 गेंद पर 25 रन (3 चौके-2 छक्के) बनाकर निशांत की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में वासुदेव के हाथों कैच आउट हो गए। काव्य तेवतिया 16 गेंद पर 18 रन बनाकर अर्श की गेंद पर हर्ष त्यागी को कैच दे बैठे। नंबर तीन पर आए बादल सिंह बालियान ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए एक छोर संभाल लिया। लेकिन बादल सिंह बालियान 44 गेंद पर 71 रन (6 चौके-5 छक्के) बनाकर विकास सिंह की गेंद पर निर्देश बैसोया के हाथों कैच आउट हो गए। 15वें ओवर में 133 रन बनाकर शुभम स्मैशर्स मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी। 18 रन बनाने वाले सक्षम राय को निर्देश बैसोया ने कॉट एंड बॉल कर दिया। मोहम्मद अबरार (2 रन) को निशांत ने रन आउट कर दिया।
प्रशांत 14 रन बनाकर प्रशांत के हाथों रन आउट हो गए। सन्नी भाटी 11 गेंद पर नाबाद 28 रन (1 चौका-3 छक्के) बनाए। हरदीप सिंह बिना कोई रन बनाए नाबाद लौटे। शुभम स्मैशर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए।
व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के गेंदबाज निशांत, अर्श, विकास सिंह और निर्देश बैसोया ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के सलामी बल्लेबाज अभय चौहान ने मैच की पहली ही गेंद पर छक्का मारकर अपने इरादे जाहिर किए लेकिन शिवेन त्यागी की अगली ही गेंद पर वह विकेटकीपर बादल सिंह बालियान को कैच दे बैठे। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए शशांक ने पहले ही ओवर आते ही एक छक्का और एक चौका जड़ डाला। पहले ओवर में 16 रन आए। हर्ष त्यागी ने भी गगनचुंबी छक्का मारकर अपने हाथ खोले। शशांक की तूफानी बल्लेबाजी के चलते शुभम स्मैशर्स ने पहले 2 ओवर में 38 रन ठोक डाले। लेकिन तीसरा ओवर फेंक रहे तन्मय चौधरी ने पांचवी गेंद पर कप्तान हर्ष त्यागी (9 रन) को क्लीन बोल्ड कर दिया।
45 रन के स्कोर पर व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर को तीसरा झटका लगा जब सक्षम राय ने चैतन्य पराशर (1 रन) को एलबीडब्लू आउट कर दिया। लेकिन एक एंड से शशांक बेखौफ बल्लेबाजी करते रहे। नंबर पांच पर निर्देश बैसोया आए और तेज शॉट लगाने शुरू कर दिए। पावर प्ले के 6 ओवर में व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने 3 विकेट खोकर 75 रन बना लिए थे। शशांक ने सिर्फ 18 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
शानदार फार्म में दिखाई दे रहे शशांक तन्मय चौधरी की गेंद पर प्रशांत राणा को कैच दे बैठे। शशांक ने 9 चौके और तीन छक्कों के साथ 27 गेंद पर 61 रन बनाए। फैसल अलवी और निर्देश बैसोया ने आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन जारी रखा।
व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने 10 ओवर में 118 रन बना लिए थे और अब 60 गेंद में 66 रन चाहिए थे। प्रशांत राणा की गेंद पर मिडऑफ पर छक्का मारने के बाद अगली ही गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में फैसल अलवी बाउंड्री पर खडे़ हरदीप सिंह को कैच दे बैठे। फैसल अलवी ने 2 चौके-4 छक्के के साथ 13 गेंद पर 33 रन बनाए।
निर्देश बैसोया 38 गेंद पर 59 रन (5 चौके-3 छक्के) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के चलते व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने 17.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 187 रन बनाकर 5 विकेट से मैच जीत लिया।शुभम स्मैशर्स के गेंदबाज तन्मय चौधरी ने दो, शिवेन त्यागी, प्रशांत राणा, सक्षम राय ने एक-एक विकेट लिया।


No comments:
Post a Comment