चॉकलेट चोरी पर खफा पिता ने की 12 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या
हत्या के बाद पत्नी और शव को घर में बंद कर आरोपी फरार, ग्रामीणों की सूचना पर खुला मामला
बुलंदशहर। बुलंदशहर के थाना नरोरा क्षेत्र के गांव रतनपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने मामूली बात पर अपनी ही नाबालिग बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से गांव में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू अपनी 12 वर्षीय बेटी पूजा से उस समय नाराज हो गया, जब वह परचून की दुकान से चॉकलेट का डिब्बा चोरी कर घर ले आई। इसी बात को लेकर गुस्साए पिता ने बेटी को डंडे से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू अपनी पत्नी और बेटी के शव को घर के अंदर बंद कर मौके से फरार हो गया। काफी देर तक दरवाजा बंद रहने पर पत्नी ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने पहुंचकर दरवाजा खुलवाया और घटना की जानकारी हुई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

No comments:
Post a Comment