त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल संपन्न कराना हम सभी का दायित्व- डीएम 

आगामी पर्वो को शांतिपूर्वक एवं सकुशल संपन्न कराये जाने हेतु जिलाधिकारी व एसएसपी की उपस्थिति में  केन्द्रीय शांति समिति की बैठक

  मेरठ ।  शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाईन बहुउद्देशीय हॉल में जिलाधिकारी डा. वी.के. सिंह व एसएसपी अविनाश पांडे की उपस्थिति में आगामी त्यौहारो के दृष्टिगत महाशिवरात्रि, रमजान, होली, दुल्हेंडी, ईद-उल-फितर, नवरात्र, रामनवमी, महावीर जयंती, गुड फ्राईडे आदि पर्वों को शांतिपूर्वक एवं सकुशल संपन्न कराये जाने हेतु केन्द्रीय शांति समिति की बैठक की गई। बैठक में प्रबुद्धजनो/धर्मगुरूओं द्वारा सड़क मरम्मत, पेयजल, साफ-सफाई, निर्माण कार्य, प्रकाश व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था आदि के संबंध में सुझाव/समस्याओ से अवगत कराया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिये। 

डीएम  ने कहा कि त्यौहारो को शांतिपूर्ण, सकुशल संपन्न कराना हम सभी का दायित्व है। सभी अधिकारी दी गई जिम्मेदारी का ईमानदारी के साथ निर्वहन करे। नगर निगम, नगर पालिका आदि में साफ-सफाई अभियान चलाया जाये, खाद्य पदार्थो की चैकिंग की जाये। निर्देशित किया गया कि समस्त जगहो पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था दुरूस्त की जाये। विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि विद्युत तार, पोल, ट्रांसफार्मर की चैकिंग कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि संबंधित स्थलो का चयन करते हुये एम्बुलेंस एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं हेतु कार्यवाही की जाये।

उन्होंने कहा कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जायेगी तथा पारंपरिक रूप से संपन्न होते आ रहे आयोजनों को शांतिपूर्ण संपन्न कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसके अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। उन्होने अपील करते हुये कहा कि सभी एक-दूसरे के धर्म, त्यौहार का सम्मान करें, नियमो का पालन करें ताकि सभी लोग त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मना सके। सोशल मीडिया पर भ्रामक/अपुष्ट खबरों को प्रसारित न करें, ऐसी कोई सूचना प्राप्त होने पर संबंधित थाना/अधिकारी को सूचित करें। थाना/तहसील स्तर पर भी शांति समिति की बैठक कराते हुये कार्यवाही की जाये। 

एसएसपी अविनाश पांडे ने अपील करते हुये कहा कि यातायात नियमों का पालन करें, कोई नई परंपरा न डाली जाये, शांति व्यवस्था को बनाये रखने में आमजन द्वारा सहयोग प्रदान किया जाये। जनपद के समस्त नागरिक आपसी सौहार्द के साथ त्यौहारो को मनाये। कानून-नियमोँ का पालन करें। उन्होँने कहा कि अफवाह फैलाने एवं माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वो पर पैनी नजर रखी जायेगी तथा उनके विरूद्ध कडी कार्यवाही की जायेगी।  

इस अवसर पर नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अशोक कटारिया सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित अलग-अलग क्षेत्रो से आये हुये धर्म गुरू, प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts