बिहार के नांलदा में मंदिर में दर्शन के दौरान मची भगदड़ में 9 लोगों की मौत ,हादसे कई घायल
बिहार शरीफ। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के मघड़ा मेले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया है। जहां प्रसिद्ध माता शीतला के मंदिर में अचानक भगदड़ मचने की घटना में 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। इस घटना में 12 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि चैत्र के अंतिम मंगलवार को शीतला माता मंदिर में पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी हुई थी। इसी क्रम में मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई। भगदड़ के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे।
भगदड़ के कारण लोग एक-दूसरे को कुचल दिए। लोगों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा भीड़ नियंत्रण को लेकर कोई उपाय नहीं किया गया था। यहां हर मंगलवार को भीड़ लगती है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत और बचाव प्रारंभ कर दिया गया है। पूजा कार्य रोक दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। कहा जा रहा है कि मंदिर और मेले में लोगों की भारी भीड़ थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हर मंगलवार को यहां भीड़ होती है। मंदिर में कोई लाइन में लगना नहीं चाहता, सबको लगता है कि हम पहले अंदर चले जाएं। इसी को लेकर भगदड़ मच गई। स्थानीय लोग इस घटना के बाद आक्रोश में हैं।
स्थानीय लोग इसे प्रशासन की लापरवाही के कारण घटना की बात कह रहे हैं। बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी 31 मार्च को बिहार की यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मु नालंदा विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाएगा, जहां देश-विदेश के छात्रों और शिक्षाविदों की उपस्थिति रहेगी।
मृतकों में से अब तक दो की पहचान हुई है। सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की पत्नी रीता देवी (50) और नूरसराय के मथुरापुर निवासी कमलेश प्रसाद की पत्नी रेखा देवी (45)। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। रेखा देवी के पुत्र ने बताया कि उनकी मां मेला देखने गई थीं। “हजारों की भीड़ थी। सूचना मिलने पर हम पहुंचे और अस्पताल लाए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।”
भीड़ के कारण मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतलाष्टमी के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मंगला मेला के कारण भीड़ और बढ़ गई थी। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने किया मुआवजे का एलान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शीतला मंदिर हादसे पर शोक जताया और मृतकों के लिए मुआवजे की घोषणा की। मृतकों को राज्य आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये (कुल 6 लाख रुपये प्रति व्यक्ति) की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक जताया और केंद्र सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का एलान किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने घटना पर दुख जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है।


No comments:
Post a Comment