शादाब जकाती संग वीडियो बनाने वाली इरम बोलीं- कोर्ट जाऊंगी
पति ने इतना पीटा कि बॉडी नीली पड़ गई, मेरे पैसे सट्टे में उड़ाए
मेरठ। '10 वाला बिस्कुट कितने का है जी' REEL से मशहूर हुए मेरठ के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह शादाब की REEL नहीं, बल्कि उनकी टीम की सदस्य इरम हैं। उन्होंने अपने पति खुर्शीद उर्फ सोनू के खिलाफ कोर्ट जाने की बात कही है।
इरम ने एक वीडियो जारी कर कहा- मुझ पर पति ने फर्जी आरोप लगाए हैं। उनके खिलाफ कोर्ट जाऊंगी। मैं शादाब जकाती के लिए काम करती हूं। वीडियो बनाती हूं। मुझे सैलरी मिलती है। अगर मैं काम नहीं करती तो घर कैसे चलता। काम करना मेरी मजबूरी है।
इरम ने कहा कि वो (पति) मुझे इतना मारता था कि मेरी बॉडी नीली पड़ जाती। मजबूरन मुझे काम करना पड़ा। मेरे पैसे उसने मुझसे लेकर जुए, सट्टे में उड़ाए। मुझे बदनाम कर दिया। मेरा भी अल्लाह मालिक है। मैं भी कोर्ट से लडूंगी।
मामले की शुरुआत पिछले साल 25 दिसंबर से हुई थी। इंचौली थाने में इरम ने अप्लीकेशन दी थी। उन्होंने खुर्शीद पर गंभीर आरोप लगाए थे। बाद में दोनों के बीच समझौता कराया गया। हफ्ते भर बाद खुर्शीद थाने पहुंचा। बोला- इरम ज्यादा वक्त शादाब के साथ बिताती है। दोनों मुझे मारना चाहते हैं। हालांकि, बाद में वो पलट गया। बोला- इरम मेरी मर्जी से उनके साथ है, मुझे कोई दिक्कत नहीं है।
‘खुर्शीद 9 महीने से मेरी कमाई ले रहा था’
इरम ने कहा- पति खुर्शीद 9 महीने से मेरी कमाई ले रहा था। वो जुए, सट्टे में मेरी कमाई उड़ा रहा था, वो शादाब जकाती को नीच बोल रहा। मुझे गलत बोल रहा है। पहले खुर्शीद कहां था? शादाब जकाती तो सभी को सैलरी देते हैं। मुझे भी मेरे काम की सैलरी मिलती है। काम करुंगी तो मुझे सैलरी मिलेगी वरना नहीं?
मेरा मानसिक, शारीरिक उत्पीड़न किया
इरम ने कहा- खुर्शीद मुझे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान भी करता रहा है। अब मैं चुप नहीं रहूंगी। अपने अधिकारों के लिए अदालत का सहारा लूंगी। झूठे आरोपों और घरेलू हिंसा से तंग आकर अब कानूनी लड़ाई लड़ना ही एकमात्र रास्ता बचा है।
25 दिसंबर. इरम ने खुर्शीद के खिलाफ शिकायत दी
दरअसल, इस मामले की शुरुआत 25 दिसंबर से होती है। इंचौली थाने में शादाब की टीम की मेम्बर इरम ने एक अप्लीकेशन दी थी। इसमें उन्होंने आरोप लगाए कि मेरे पति खुर्शीद सही व्यक्ति नहीं हैं। मैं शादाब जकाती के साथ काम करती हूं, वो बतौर सैलरी मुझे जो भी रुपए देते हैं, वो मेरे पति खुर्शीद ले लेते हैं। रुपए नहीं देने पर मेरे साथ मारपीट करते हैं। मुझे परेशान करते हैं।
इस शिकायत के बाद इंचौली थाने में खुर्शीद और इरम को बुलाया गया था। दोनों के बीच समझौता कराया गया। बतौर पति और पत्नी, दोनों ने लिखित समझौते पर साइन किए थे। इसके बाद ये मामला शांत हो गया।
1 जनवरी. खुर्शीद ने थाने में कहा- पत्नी कहती है, तू मर जा
1 जनवरी को पति खुर्शीद इंचौली थाने पहुंचा। छाती पीट-पीटकर रोने लगा। पुलिस के सामने शादाब और इरम को लेकर बड़े-बड़े दावे किए। उन्होंने बताया कि मेरी पत्नी ज्यादा वक्त शादाब के साथ बिताती है। दोनों कई-कई दिन साथ रहते हैं। दोनों मिलकर मुझे मारना चाहते हैं। इसलिए पुलिस मेरी मदद करे।
उन्होंने कहा- मुझे हार्ट की बीमारी है, 31 दिसंबर को इरम शादाब के साथ देहरादून जा रही थी। मैंने अपनी बीमारी का हवाला देते हुए पत्नी से जाने से मना किया तो उसने कहा कि तू मर जा। सोनू ने दावा किया कि पत्नी शादाब के कहने पर ही मेरे साथ ऐसा कर रही है।
2 जनवरी. शादाब थाने पहुंचे, बोले- मेरा कैरेक्टर खराब होता, ये सब हासिल नहीं होता
दिनभर शादाब जकाती मीडिया के सामने नहीं आए, न ही किसी से बात की है। रात को वो मेरठ पुलिस के पास पहुंचे। थाने में अपने और इरम को लेकर चल रही कंट्रोवर्सी पर उन्होंने बयान दर्ज कराए।
इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा- मैं खुर्शीद को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं। वो मेरी टीम मेम्बर इरम के पति हैं। वो जो आरोप लगा रहे हैं, वो ठीक नहीं हैं। ये पति और पत्नी के बीच का मामला है, मुझे बेवजह बीच में लेकर आ गए हैं। इस मसले को उन्हें खुद ही सुलझाना होगा।
वीडियो को तैयार करने के लिए हमारे पास एक टीम है। इसमें लड़के और लड़कियां, दोनों हैं। कई लड़कियां काम करने आईं, पूरा करके चली भी गईं। अगर हम चरित्र के ऐसे होते तो 10 साल की मेहनत से जो हम कर पाए, वो नहीं कर सकते थे।
हमारे खिलाफ क्या नए आरोप लगाए जा रहे हैं, ये हम नहीं देखना चाहते हैं, क्योंकि उनकी पत्नी खुद बोल चुकी हैं कि आरोप झूठे हैं, फिर उन पर ध्यान क्यों देना?
3 जनवरी. खुर्शीद ने कहा- मुझसे जबरन कहलाया गया
इस पूरे मामले में खुर्शीद ने 3 जनवरी को कहा- मुझसे वो बयान शादाब ने जबरन कहलाया था। मुझे डराया गया था। बीवी इरम ने मुझे कहा कि तुम्हें तलाक दे दूंगी, जेल में सड़वा दूंगी। देख लो...मुझे लगता है कि शादाब ने मेरी बीवी से कहा होगा कि ये तुम्हें छोड़ेगा नहीं, इसको डराना होगा।
खुर्शीद आगे कहते हैं कि शादाब जकाती कहते हैं कि उन्हें जान का खतरा है, उन्हें कौन धमकी देगा। मैं अल्लाह से डरने वाला हूं, मैं क्या उन्हें मारुंगा। जो ये कहता हो कि मैं कचहरी खरीद लूंगा, थाने खरीद लूंगा, उस आदमी का मैं क्या ही बिगाड़ लूंगा।
सिर्फ 20 कदम पर शादाब, इरम के मकान
मेरठ के इंचौली इलाके में शादाब का घर है। वहां से सिर्फ 20 कदम पर इरम का मकान है। चर्चा है कि इरम जिस मकान में रह रही हैं, वो शादाब का ही घर है। जो शादाब ने उसे रहने को दिया है। चर्चा ये भी है कि उनके कारण ही इरम का घर टूटा है, उसके पति को इन्होंने घर से निकाल दिया है।
शादाब की पत्नी को भी इसकी जानकारी है, वो भी इसका विरोध कर रहीं हैं। शुक्रवार को भी दिनभर शादाब की पत्नी ने किसी से बात नहीं की न ही उसने घर का दरवाजा खोला। CCTV से वो गेट पर कौन आ रहा है जा रहा है, देखती रही लेकिन गेट नहीं खोला। परिवार बाहर नहीं आया। उधर खुर्शीद के घर में 4 दिन से ताला पड़ा हुआ है। इरम कहीं और किराए के मकान में रह रही हैं।



No comments:
Post a Comment