यूपी के 27 जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट
बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई गलन, 3 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम
लखनऊ (एजेंसी)।यूपी में बारिश और ओले गिरने से मौसम बिगड़ गया है। आज यूपी के 27 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओले का अलर्ट है। 16 जिलों में आंधी भी चल सकती है। इस बीच गाजियाबाद, आगरा, मेरठ समेत 30 जिलों में कोहरा छाया है।
कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई। बर्फीली हवाओं से गलन बढ़ गई है। पारा एक बार फिर 6.4°C तक पहुंच गया है। सड़कों पर सन्नाटा है। गाड़ियों से बाहर निकले लोग गर्म कपड़ों, ग्लब्स में दुबके दिखाई दिए। जगह-जगह लोग अलाव ताप रहे हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी यूपी के साथ दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड से सटे तराई क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश का दौर जारी है। कल बरेली समेत 15 जिलों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली और अमरोहा में सड़क पर ओले की सफेद चादर बिछ गई। सैकड़ों बीघा खड़ी फसलें गिर गईं।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार को बारिश का दायरा और बढ़ेगा। इसका असर प्रदेश के मध्यांचल, अवध क्षेत्र और बुंदेलखंड के इलाकों में भी देखने को मिलेगा। तीन दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से दक्षिणी हरियाणा के आसपास चक्रवाती सिस्टम बन हुआ है। इसके असर से पश्चिमी यूपी में बारिश शुरू हुई। यह बारिश आज देर रात से कल सुबह तक प्रदेश के मध्यवर्ती और सटे हुए पूर्वी हिस्सों तक पहुंच सकती है। प्रदेश में 4 फरवरी तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।


No comments:
Post a Comment