अग्रसेन कॉलेज प्रबंधन को कुलसचिव ने दी चेतावनी
वीसी ने दिए अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई के निर्देश
वाराणसी।अग्रसेन महिला पीजी कालेज में प्रबंधकीय शिक्षकों और कर्मचारियों को बिना नोटिस कार्यमुक्त करने और आदेश के बाद भी बहाल न करने के मामले को काशी विद्यापीठ ने गंभीरता से लिया है। इस मामले में काशी विद्यापीठ की कुलसचिव ने कॉलेज को चेतावनी जारी की है।
इस संबंध में कॉलेज प्रबंधन पर विश्वविद्यालय अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की तैयारी है। लगभग सात महीने से चल रहे इस मामले में संयुक्त शिक्षा निदेशक उत्तर प्रदेश और काशी विद्यापीठ के कुलपति की तरफ से आदेश जारी किए गए थे। 13 जनवरी को विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एके त्यागी के आदेशानुसर कुलसचिव ने पत्र जारी कर एक सप्ताह में शिक्षकों-कर्मचारियों को बहाल करने और आख्या देने के निर्देश दिए थे। दो सप्ताह से ज्यादा बीत जाने के बाद भी प्रबंधन की तरफ से कोई कार्यवाही नहीं की गई।
इसपर कुलसचिव की तरफ से चेतावनी जारी कर कहा गया है कि कुलपति ने प्रबंधन के इस रवैये पर खेद जताया है और विश्वविद्यालय अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रबंधन को विश्वविद्यालय की तरफ से अंतिम मौका दिया गया है।


No comments:
Post a Comment