टी20 वर्ल्ड कप
भारत का मैच बायकॉट कर बुरा फंसा पाकिस्तान
ICC का रुख कर सकता है श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड
नई दिल्ली। पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने से मना कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए यह निर्णय लिया। आगामी सात फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट में यह महामुकाबला 15 फरवरी को तय है। यह मुकाबला श्रीलंका में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। पाकिस्तान के फैसले पर ICC ने उसे चेतावनी देते हुए विचार करने को कहा है. इस पूरे मामले में अब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की भी एंट्री होने जा रही है।
भारत-पकिस्तान का मुकाबला फैंस के रोमांच से हटकर कमाई का भी एक बड़ा जरिया भी है। ऐसे में अगर 15 फरवरी को यह मुकाबला नहीं हुआ तो श्रीलंका के टूरिज्म पर इसका बड़ा असर पड़ने वाला है। ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड इस पूरे मामले पर बारीकी से नजर बनाए हुए है और आईसीसी के सामने टूरिज्म पर पड़ने वाले असर को लेकर अपनी चिंता औपचारिक रूप से रख सकता है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी भारत-पकिस्तान के तय मैच में बदलाव से होने वाले आर्थिक नुकसान और व्यवस्थाओं से जुड़ी दिक्कतों का आकलन कर रहे हैं।
भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर लोगों में इतनी दीवानगी है कि फैंस हजारों रुपये खर्च कर मुकाबला देखने को तैयार रहते हैं। इस मैच को देखने के लिए हजारों दर्शक, मीडिया कर्मी और प्रायोजक आमतौर पर सफर करते हैं। इस मुकाबले से आयोजनकर्ताओं की मोटी कमाई होती है. जिस वेन्यू पर यह मुकाबला होना होता है उसके आस-पास भी कमाई के जरिए बढ़ जाते हैं। ऐसे में आगामी इंडिया-पाकिस्तान मैच न होने से इसका आर्थिक असर श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में देखने को मिलने वाला है।


No comments:
Post a Comment