संविदा बिजली कर्मी घूस लेते गिरफ्तार
मीटर उतारने के नाम पर मांगे थे 6 हजार रुपए
मेरठ। लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र में एंटी करप्शन की टीम ने संविदा पर तैनात बिजलीकर्मी को 6 हजार रुपयों की रिश्वत लेते हुए अरेस्ट किया है। टीम ने संविदाकर्मी को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। उसके पास से 6 हजार रुपए भी मिले हैं, जो उसने रिश्वत में लिए थे।
संविदाकर्मी ने बिजली का मीटर उतारने के लिए पीड़ित पक्ष से 6 हजार रुपयों की मांग की थी। जब पीड़ित ने उसे पैसे दिए तो टीम ने उसे अरेस्ट कर लिया। एंटी करप्शन की टीम से कैलाश, केपी सिंह और नरेंद्र ने अरेस्ट किया है। मौके पर पुलिस के साथ ही बिजली विभाग की टीम भी पहुंची है। वहीं मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि संविदाकर्मी को गलत फंसाया जा रहा है। फिलहाल नौचंदी थाने पर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पीड़ित शारिक अंसारी ने बताया कि हमारा मीटर बदली होना था। उसके लिए हमने जेलचुंगी पर जाकर 50 रुपए की रसीद कटवाई। हम उसे लेकर बिजलीघर गए, कई जगह गए हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ। फिर मैं विकास नगर बिजलीघर गया। वहां मैंने जेई सर से भी कहा तो उन्होंने कहा कि ये मेरा काम नहीं है। इसके बाद मेरी मुलाकात लाइनमैन सरफराज से हुई। उससे मैंने कहा कि मेरा मीटर उतारकर ओके की रसीद दे दीजिए, ये मीटर जमा करा दीजिए। तो उन्होंने कहा कि इस काम के साढ़े तेरह हजार रुपए लगेंगे।
कहा कि इतने पैसे तो मैं नहीं दे सकता। तब वो छह हजार रुपए की बात पर माने। कहा छह हजार रुपए में काम कर देंगे। फिर मैं एंटी करप्शन के ऑफिस गया, वहां मैंने अफसरों को सारी बात बताईं। बताया कि मुझसे रिश्वत मांगी जा रही है। उसके बाद टीम ने हमारा सहयोग दिया और आज सरफराज को पकड़ा है।
आज बुधवार को सरफराज को मैंने नकद में छह हजार रुपए दिए। उसने मुझे बिजलीघर पर ही बुलाया था। जहां एंटी करप्शन की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ा है।


No comments:
Post a Comment