सनातन प्रीमियर लीग का आगाज:4 फरवरी से शुरू हुए ट्रायल्स

12 से 15 मार्च तक इंदौर में होगा मेगा टूर्नामेंट

मेरठ। सनातन प्रीमियर लीग के पहले सीजन की औपचारिक तैयारियां तेज हो गई हैं। 4 फरवरी से फ्री ट्रायल्स की शुरुआत राजस्थान की राजधानी जयपुर से हो चुकी है। दो दिवसीय ट्रायल्स में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। लीग का आयोजन 12 से 15 मार्च तक किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि संत देवकीनंदन ठाकुर  महाराज शामिल रहेंगे। वे ट्रायल्स के दौरान भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।

खिलाड़ियों की सुविधा को देखते हुए सनातन प्रीमियर लीग के ट्रायल्स देश के आठ प्रमुख शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमे जयपुर ,देहरादून ,सूरत और दिल्ली में ट्रायल्स पूरे हो गए हैं । वहीं मुंबई में 12 से 13 फरवरी तक लखनऊ मे 14 से 15 फरवरी तक चेन्नई में 15 से 16 फरवरी तक और इंदौर में 18 से 19 फरवरी तक ट्रायल्स होने हैं । जयपुर के बाद अगला चरण देहरादून में होगा, जहां चयन समिति के सदस्य शत्रुघ्न तिवारी, बीनू चौधरी, प्रणय शर्मा, सिद्धार्थ जोशी और राजेश शर्मा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करेंगे।

15 से 40 वर्ष तक के खिलाड़ी ले सकते हैं हिस्सा

सनातन प्रीमियर लीग सीजन-1 के ट्रायल्स में 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए अनुभवी क्रिकेटरों, कोचों और चीफ सेलेक्टर की विशेष समिति गठित की गई है। चयन पूरी तरह खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। जिन राज्यों में ट्रायल्स नहीं हो रहे हैं, वहां के खिलाड़ी www.spl10.com पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। वहीं, संबंधित शहरों में खिलाड़ी सीधे ट्रायल स्थल पर पहुंचकर भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष कैंप

ट्रायल्स के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। कैंप में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम टीमों का गठन होगा। इसके बाद सभी टीमें इंदौर में आयोजित मेगा टूर्नामेंट में उतरेंगी। SPL में खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है जिसमे विजेता टीम को 31 लाख रुपये की धनराशि इनाम के रुप मे दी जाएगी और उपविजेता टीम ,मैन ऑफ द सीरीज ,ऑरेंज कैप और पर्पल कैप और मैन ऑफ द मैच को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे । साथ ही प्रत्येक खिलाड़ी को 11,000 रुपये प्रति मैच दिए जाएंगे ।

लीग में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी जिसमे महाराष्ट्र से छत्रपति शिवाजी वॉरियर्स ,दक्षिण भारत से द्रविड़ चोला रॉकर्स , गुजरात से सरदार वल्लभभाई पटेल लायंस , उत्तर प्रदेश से रानी लक्ष्मीबाई स्ट्राइकर्स , मध्य प्रदेश से अहिल्या माता गार्जियंस , दिल्ली से इंद्रप्रस्थ किंग्स , उत्तराखंड से चंद्रशेखर आज़ाद थंडर्स और राजस्थान से महाराणा प्रताप रणबांकुरे शामिल है ।

खेल और संस्कृति का संगम

सनातन प्रीमियर लीग केवल क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि खेल और संस्कृति के समन्वय का एक नया प्रयास है। आयोजकों का दावा है कि यह लीग युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का भी माध्यम बनेगी। मुकाबलों का सीधा प्रसारण खेल चैनलों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts