असलम हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद पर 25 हजार का  इनाम घोषित

-पीड़ित परिवार का आरोप, नामजद आरोपी खुलेआम दे रहे है धमकी

-पुलिस ने सिर्फ रेकी करने वाले को भेजा जेल, जान का खतरा बताया

मेरठ। जैदी फार्म में छह दिन पूर्व हुई असलम की हत्या में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी असद पर पुलिस ने 25 हजार का  इनाम घोषित किया है। साथ ही इस हत्याकांड में नामजद सभी आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही है। उधर,असलम के परिजनों का आरोप है कि नामजद आरोपी मोहल्ले में खुलेआम घूम रहे है, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है, जिससे परिवार दहशत में है।  

नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदी  फार्म में 6 फरवरी की शाम बाइक व स्कूटी सवार हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते असलम की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। इस घटना में असलम का दोस्त भी कंधे में गोली लगने से घायल हो गया था। पोस्टमार्टम के बाद पीड़ित परिवार ने एंबुलेंस में असलम के शव को रखकर जाम लगाया था और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की थी। असलम के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच भाइयों समेत 11 आरोपियों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इस हत्याकांड में पुलिस अभी तक एक ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज पाई है, जबकि बाइक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने असलम हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी असद पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया है।   

उधर, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर असलम के परिजन बुधवार को  एसएसपी अविनाश पांडेय से मिले। असलम के पिता का आरोप था कि नामजद आरोपी मोहल्ले में खुलेआम घूम रहे है  और भुगत लेने की धमकी दे रहे है, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। आरोपियों की धमकी से परिवार के लोग दहशत में है, क्योंकि नामजद आरोपी गिरोह चलाते है और उनका आपराधिक रिकार्ड भी है। पुलिस ने अभी तक सिर्फ रेकी करने वाले को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। एसएसपी ने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। नौचंदी थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts