नारों के बीच घर पहुंचे अलंकार अग्निहोत्री
बजट के मुद्दे पर फिर घेरी सरकार
कानपुर (एजेंसी)।पद से इस्तीफा देने के बाद अलंकार अग्निहोत्री अपने घर पहुंचे, जहां समर्थकों ने उन्हें माला पहनाकर और शेर आया के नारों के साथ जोरदार स्वागत किया। घर के द्वार पर मां ने भावुक होकर बेटे को गले लगाया और परिवार के साथ मिलकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने बजट पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि देश के बजट का बड़ा हिस्सा बाहर जा रहा है, जो उनके विरोध का मुख्य कारण है।
अग्निहोत्री जब अपने आवास पहुंचे, तो वहां का नजारा किसी चुनावी जीत जैसा था। इस्तीफे के बाद पहली बार घर पहुंचने पर समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया, वहीं परिवार के साथ मिलन के क्षण काफी भावुक रहे। जैसे ही अलंकार अग्निहोत्री की गाड़ी उनके घर के बाहर रुकी, वहां पहले से मौजूद क्षेत्रीय लोगों और समर्थकों की भारी भीड़ ने उन्हें घेर लिया।
कार्यकर्ताओं ने फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और उन्हें मालाओं से लाद दिया। घर के बाहर समर्थकों का जोश चरम पर था और चारों ओर अलंकार अग्निहोत्री जिंदाबाद और देखो देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया के नारे गूंजने लगे। भीड़ के बीच से मुस्कुराते हुए अलंकार अग्निहोत्री अपने घर के अंदर दाखिल हुए। प्रवेश द्वार पर ही उनकी मां खड़ी प्रतीक्षा कर रही थीं। अपने बेटे को देखते ही मां भावुक हो गईं और उन्हें गले लगा लिया।
घर पर अनौपचारिक बातचीत के दौरान अलंकार अग्निहोत्री ने अपने कड़े तेवर बरकरार रखे। उन्होंने मीडिया के सामने स्पष्ट किया कि उनके इस्तीफे के पीछे वैचारिक मतभेद और देशहित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा देश के बजट का एक बहुत बड़ा हिस्सा बाहर जा रहा है, जो चिंता का विषय है। जनता के पैसे का सही उपयोग होना चाहिए। इस बीच अंलकार अग्निहोत्री ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है।


No comments:
Post a Comment