मेरठ के देव ने हासिल की ऑल इंडिया-2 रैंक

क्रीड़ा भारतीय ज्ञान परीक्षा में 19 मिनट में 50 सवालों का दिया जवाब

मेरठ।   मेरठ के   देव अलग ने क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित अखिल भारतीय ज्ञान परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक–2 हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ देव ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे मेरठ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

यह परीक्षा 14 सितंबर को आयोजित हुई थी, जिसमें देशभर से हजारों प्रतिभागियों ने भाग लिया। परीक्षा में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे गए थे, जिन्हें हल करने के लिए 25 मिनट का समय दिया गया था। देव अलग ने 19 मिनट में सभी 50 प्रश्नों के शत-प्रतिशत सही उत्तर देकर यह बड़ी सफलता हासिल की।

परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं का सम्मान समारोह 26 से 28 दिसंबर तक गुजरात के कर्णावती स्थित कल्कि तीर्थधाम में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। 28 दिसंबर को हुए मुख्य समारोह में देशभर से क्रीड़ा भारती के पदाधिकारी, खेल जगत से जुड़े विशेषज्ञ और अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। पूरे परिसर को भव्य सजावट और खेल-आधारित प्रदर्शनी से सजाया गया था।

मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गुजरात सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है और राज्य को खेलों का अग्रणी केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने अहमदाबाद में विकसित हो रहे वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी जिक्र किया।

सम्मान समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने देव अलग को पुरस्कार प्रदान किया। इस मौके पर देव के साथ उनके पिता विकास कुमार अलग भी उपस्थित रहे। बेटे की सफलता पर उन्होंने कहा कि यह देव की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। तीन दिनों तक चले आयोजन में भारतीय खेल संस्कृति और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई गईं। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts