सोतीगंज में पुलिस ने दुकानें खंगाली,122 दुकानों के शटर उठाकर देखे
कोई बेच रहा जूते तो कहीं मिला इलेक्ट्रॉनिक गैजेट; सत्यापन किया
मेरठ। पुलिस ने शुक्रवार को सोतीगंज बाजार का रुख किया। एक एक दुकान का शटर उठाकर देखा। कभी जिन दुकानों में वाहनों का कटान हुआ करता था, वहां अब जूते बिक रहे थे। कुछ ने इलेक्ट्रानिक शॉप खोल रखी थी तो कोई थोक में कपड़ों का व्यापार कर रहा था। साफ हो गया कि अब यहां वाहनों का कटान नहीं होता।
सोतीगंज बाजार को एक समय वाहनों के कमेले के रूप में जाना जाता था। इस बाजार के ना केवल दिल्ली बल्कि मुंबई, बंगलुरु यहां तक कि नेपाल जैसे देशों से तार जुड़े थे।यहां कबाड़ियों का एक अलग ही साम्राज्य था, जिनके आगे बड़े से बड़े अधिकारी भी सरेंडर कर देते थे। लेकिन सत्ता बदली तो कबाड़ियों के दिन ही बदल गए।मेरठ आते ही एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने इस बाजार को ना केवल बंद कराया बल्कि यहां के कबाड़ियों की संपत्ति को जब्त करते हुए उन्हें बर्बाद कर दिया।
अजय साहनी के समय में शुरु हुई सुगबुगाहट
सोतीगंज की आज जो स्थिति है, उसका काफी हद तक श्रेय अजय साहनी को भी जाता है। अजय साहनी ने अपने एसपी सिटी और एएसपी की मदद से ऐसा जाल बुना कि कबाड़ियों की उल्टी गिनती शुरु हो गई।
बची खुची कसर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पूरी कर दी। उन्होंने ना केवल कबाड़ियों के इन गोदामों को बंद कराया बल्कि कबाड़ियों के गैंग भी सलाखों के पीछे भेज दिए। कबाड़ियों ने तमाम कोशिश की लेकिन उनके कारोबार को जीवनदान नहीं मिल सका करीब 5 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर पुलिस ने 250 से ज्यादा कबाड़ियों को जेल भेज दिया।
एसपी सिटी ने फिर कराया सत्यापन
आज सोतीगंज के कारोबार पर लगी सील को राजनीतिक उपलब्धि माना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बड़ी बड़ी संभाओं के मंच से सोतीगंज का नाम ले चुके हैं। ऐसे में अफसर जरा भी यहां के कारोबारियों के साथ ढिलाई बरतने के मूड में नहीं दिखते। शुक्रवार को एकाएक सदर बाजार पुलिस सोतीगंज पहुंची और एक एक दुकान को खंगाला।
सोतीगंज बाजार की अब यह है स्थिति
- यहां के कबाड़ी अब फेरी लगाने का काम कर रहे हैं।
- कुछ ने दुकान बंद कर दिल्ली का रुख कर लिया है।
- काफी कबाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने अपना कारोबार बंद कर किसी की नौकरी शुरु कर दी है।
- यहां के कारोबारी अब कपड़े और जूते का कारोबार कर रहे हैं।
- 40 प्रतिशत कबाड़ी अब दिल्ली में फेरी का काम करते हैं।
- चिकन शॉप के अलावा कोल्ड ड्रिंक, चाय, क्रॉकरी की दुकाने खुल चुकी हैं।
बोले अधिकारी
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सोतीगंज का औचक सत्यापन कराया गया था। हर दुकान का शटर उठाकर देखा गया लेकिन सबकुछ सामान्य मिली। अब यहां कपड़े से लेकर वाहनों तक का शोरूम है। मुर्गा व अंडे बेचने के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट तक बिक रहे हैं।


No comments:
Post a Comment