सपा कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को घेरा

सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर उठाए सवाल; प्राइवेट अस्पतालों को बताया कत्लखाने

मेरठ।  समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सीएमओ डा. अशोक कटारिया का घेराव किया। उनका आरोप था कि जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं बद से बदतर होती जा रही हैं और प्राइवेट अस्पताल जो कत्लखाने हैं, वह फलफूल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं बदले तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

सपा नेता अभिषेक भाटी के नेतृत्व में सीएमओ दफ्तर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि जिले की जनता को सरकारी अस्पतालों में सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिस कारण वह प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराने को मजबूर हैं।

इसका फायदा उठाकर प्राइवेट अस्पताल मनमाना बिल वसूलकर खुलेआम उत्पीड़न कर रहे हैं। आए दिन होने वाले हंगामे इसका उदाहरण हैं। अब तो सरकारी अस्पतालों से मरीजों को प्राइवेट में भेजे जाने की शिकायत भी आम हो गई हैं। सपा ​​​​कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपा और व्यवस्थाओं में जल्द से जल्द सुधार की मांग की। ऐसा ना होने पर आंदोलन के लिए चेताया।

मेडिकल की व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए सपा नेता अभिषेक भाटी ने लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। अभिषेक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मनमानी किसी से छिपी नहीं है।यहां कोई तीमारदार उपचार पर सवाल उठाता है तो उससे अभद्रता की जाती है। हाल ही में हुई घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा दिए हैं।

मिलीभगत से खुल रहे प्राइवेट अस्पताल

सपा नेता ने कहा कि अकेले गढ़ रोड पर ही 100 से ज्यादा प्राइवेट अस्पताल खुल चुके हैं जो गरीब जनता का खून चूस रहे हैं। अधूरे मानकों पर अस्पताल संचालित हैं, जो विभाग की मिलीभगत की ओर इशारा कर रहे हैं। उन्होंने सीएचसी और पीएचसी की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए बड़े बदलाव की मांग की ताकि जनता को उपचार मिल सके।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts