समीक्षा के साथ पदाधिकारियों की जवाबदेही तय 

पश्चिम ज़ोन संगठन सृजन अभियान की समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश अध्यक्ष हुए शामिल 

 मेरठ। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत बुधवार को मेरठ में पश्चिम ज़ोन की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पार्टी हाईकमान ने पश्चिमी जोन के अंतर्गत आने वाले सभी 14 जिलों के संगठन की समीक्षा की और हर पदाधिकारी की जवाब देही तय की। पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए इसका पूरा खाका तैयार किया गया।

 बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के  प्रभारी अविनाश पांडे, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, पश्चिम ज़ोन के प्रभारी एवं पूर्व सांसद दानिश अली, पूर्व विधायक संजय कपूर तथा पूर्व मंत्री डॉ. दीपक कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। इन पदाधिकारियों ने पश्चिमी जोन के प्रत्येक जनपद के संगठन की समीक्षा की। बैठक में पश्चिम ज़ोन के सभी  14 जिलों के जिला एवं शहर अध्यक्षों के अलावा ज़िला समन्वयक (कॉर्डिनेटर), ज़िला एवं महानगर के विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, ब्लॉक प्रभारी, कंट्रोल रूम इंचार्ज, कार्यालय सचिव, जिला कंट्रोल रूम प्रभारी और सभी फ्रंटल संगठनों व प्रकोष्ठों के ज़ोनल प्रमुख शामिल हुए। 

इस बैठक में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत ब्लॉक कमेटियों, मंडल अध्यक्षों और उनकी समितियों की समीक्षा की गई। इसके अलावा उनकी जवाबदेही तय करते हुए कार्यभार का मूल्यांकन किया गया। बैठक के अंत में प्रगति रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इससे पूर्व महासचिव अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी पदाधिकारियों से विशेष रणनीति के तहत चर्चा की। पंचायत चुनावों से लेकर मिशन 2027 पर भी फोकस रहा। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी और स्थानीय इकाई के प्रवक्ता हरिकिशन अंबेडकर ने बताया कि यह बैठक पश्चिम उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आगामी चुनावों की दृष्टि से रणनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है।समीक्षा बैठक में जिलाध्यक्ष गौरव भाटी, महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला, जाहिद अंसारी, हरिकिशन अम्बेडकर, सैय्यद आमिर रज़ा, सलीम खान, सलीम पठान, कमल जायसवाल, धूम सिंह गुजर्र, रीना शर्मा, किरन बाला और रविंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। एक प्रकार से प्रदेश हाईकमान ने स्थानीय जिला एवं शहर संगठन के कार्यों की समीक्षा कर उन्हें क्लीन चिट दी।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts