मिल्कीपुर में जनसभा

माफिया और डकैतों को बड़े पद देती थी सपाः सीएम योगी
अयोध्या (एजेंसी)।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के मिल्कीपुर के हैरिंग्टनगंज ब्लॉक में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा की सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है। लोग सुरक्षित महसूस करते हैं। व्यापारी सुरक्षित महसूस करते हैं। सपा की सरकार में बेटियां सड़क पर नहीं निकल सकती थीं। व्यापारियों को लूट लिया जाता था। लोगों की संपत्ति पर भूमाफिया कब्जा कर लेते थे और जो जितना बड़ा डकैत उसे उतना बड़ा ओहदा दिया जाता था पर अब माफियाओं को जहन्नुम भेजा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण का प्रारंभ महाकुंभ का जिक्र कर किया। कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि यह महाकुंभ 144 साल बाद हो रहा है। दो दिन पहले यूपी सरकार की पूरी कैबिनेट और मैंने खुद महाकुंभ में स्नान का सौभाग्य प्राप्त किया।बीते 10 दिन में महाकुंभ में 10 करोड़ लोगों ने बिना किसी भेदभाव के स्नान किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक तरफ महाकुंभ में करोड़ों लोग स्नान कर रहे हैं वहीं, दूसरी तरफ सपा के लोग महाकुंभ के बारे में दुष्प्रचार कर जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इन लोगों ने एक साल पहले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भी विरोध किया था। ये वही सपा के लोग हैं जिन्होंने सरयू के जल को रामभक्तों के खून से लाल कर दिया था। ये परिवारवादी लोग जातिवाद के नाम पर समाज को तोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद नहीं विकासवाद और राष्ट्रवाद है।
उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर में विकास की उपलब्धियों को आगे पहुंचाना है। इसके लिए जरूरी है कि यहां के सपूत चंद्रभानु पासवान को जिताकर भेजें जिससे विकास का लाभ जन-जन को मिले। कुमारगंज का कृषि विश्वविद्यालय आचार्य नरेंद्र देव जी के नाम पर है और एक और विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है। यह किसी से छुपा हुआ नहीं है। उन्होंने कहा कि आज भी इस इलाके का नाम हैरिंगटनगंज है। यहां का नाम किसी स्वामी रामदेव के नाम पर या फिर विष्णु नगर क्यों नहीं हो सकता है। हम गुलामी की मानसिकता लेकर कब तक आगे बढ़ते रहेंगे। हम तो राम की परंपरा पर विश्वास करने वाले हैं। हम कृष्ण की परंपरा पर विश्वास करने वाले हैं। हम बाबा विश्वनाथ और में सरयू मैया पर विश्वास करने वाले लोग हैं। सपा का वश चलता तो अयोध्या नाम को भी खत्म कर दिया जाता।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने से पहले जनसभा स्थल पर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, चिकित्सा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, आयुष राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा, खेल राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी धर्मेंद्र सिंह मंच पर पहुंच चुके थे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts