भंडारा आयुध फैक्टरी में विस्फोट, आठ की मौत
- इकाई की छत ढही, सात घायल
मुंबई (एजेंसी)।
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार को सुबह एक आयुध फैक्टरी में विस्फोट हो गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आयुध फैक्टरी में विस्फोट के कारण एक इकाई की छत गिरने से कई श्रमिक फंस गए। उन्होंने विस्फोट में जान गंवाने वालों के लिए शोक भी व्यक्त किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है और 7 लोग घायल हैं। नितिन गडकरी ने जान गंवाने वालों को एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। बचाव दल घटनास्थल पर तैनात हैं।
जिलाधिकारी संजय कोल्टे ने बताया कि विस्फोट सुबह करीब साढ़े 10 बजे आयुध के परिसर में हुआ। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट जवाहर नगर इलाके में स्थित फैक्टरी के ‘एलटीपी सेक्शन’ में हुआ। विस्फोट के समय ‘एलटीपी सेक्शन’ में 14-15 कर्मचारी काम कर रहे थे। अग्निशमन दल और एंबुलेंस को मौके पर भेज दिया गया है। छत ढह गई है, जिसे जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा है।
हर तरह की मदद मुहैया कराई जा रही: फडणवीस
हादसे की खबर आते ही फडणवीस ने दुख जताया। उन्होंने कहा, 'भंडरा जिले में आयुध फैक्टरी में हुए विस्फोट में छत गिरने से 13 से 14 श्रमिकों के फंसने की खबर है। अब तक मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्भाग्य से एक श्रमिक की मौत हो गई है। कई श्रमिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर हैं और हर तरह की मदद मुहैया कराई जा रही है। बचाव अभियान के लिए एसडीआरएफ और नागपुर नगर निगम की टीमों को भी बुलाया गया है और वे जल्द ही पहुंच जाएंगी।
No comments:
Post a Comment