छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिलाओं पर किया जानलेवा हमला
थाना पुलिस ने शिकायत के बाद भी नहीं की कोई कार्रवाई ,कप्तान ने दिया आश्वासन
मेरठ। जनपद में छेड़छाड़ की घटनाओं में काफी तेजी आ गयी है। महिलाओं का घर के बाहर निकलना सुरक्षित नहीं रह गया है।थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के एक गांव में महिलाओं से दबंग द्वारा की जा रही छेड़छाड़ का महिलाओं ने विरोध किया तो दबंगों ने महिलाओं पर जानलेवा हमला कर दिया।इतना ही नहीं थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद थाना पुलिस ने दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं मजबूरन पीड़ित महिलाओं ने कप्तान के दरबार में न्याय की गुहार लगायी।
एक गांव के रहने वाले दर्जनों लोग, दो गंभीर रूप से घायल महिलाओं को लेकर गुरुवार एसएसपी दफ्तर पहुंचे। जहां उन्होंने बताया कि 25 सितंबर की रात को पड़ोस का रहने वाला एक दबंग उनके घर के सामने अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था।आरोप है कि दबंग उनके घर की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व अश्लील कमेंट भी कर रहे थे। पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने दबंगों का विरोध किया तो दबंगों ने अपने एक दर्जन साथियों के साथ मिलकर उनके परिवार पर लाठी डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया था।दबंगों के हमले में घर की दो महिलाओं सहित परिवार के आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनमें एक महिला की आंख फूटने से बच गई, और अभी भी कुछ लोग अस्पताल में भर्ती हैं।घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए भेज दिया था। पीड़ित परिवार द्वारा मामले की शिकायत थाना पुलिस से की गई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद भी थाना पुलिस ने दबंगों पर कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
No comments:
Post a Comment