मेरठ कॉलेज की कार्यकारिणी निर्विरोण निर्वाचित
चुनाव में उतरे प्रत्याशियों के नाम वापस लेने से पूर्णतया स्पष्ट हुई स्थिति
मेरठ। उत्तर प्रदेश के सर्वाधिक ऐतिहासिक महत्व के महाविद्यालय मेरठ कॉलेज मेरठ की प्रबंध कार्यकारिणी के चुनाव की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित हुई है। इस कारण अब चुनाव की कोई आवश्यकता नहीं रह गयी है।
शुक्रवार को सुबह 11:00 बजे से शाम के 4:00 बजे तक चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को अपना नाम वापस लेना था। 21 सदस्य कार्यकारिणी के लिए 22 प्रत्याशियों ने फॉर्म भरे थे। जिसके कारण प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव होना तय हो गया था। किंतु महाविद्यालय की प्रबंध समिति के कुछ वरिष्ठ सदस्यों ने डॉ रामकुमार गुप्ता के नेतृत्व में तय किया कि मेरठ कॉलेज का चुनाव इस बार सर्व सहमति से ही हो। ऐसी स्थिति में मेरठ कॉलेज के वरिष्ठ सदस्य एसपी देशवाल एवं विजय प्रकाश मित्तल ने स्वयं को अपना नामांकन वापस लेने के लिए प्रस्तुत किया। और अंततः विजय प्रकाश मित्तल ने अपना नामांकन फॉर्म वापस ले लिया। उन्होंने निर्धारित समय से पूर्व ही अपना नामांकन वापस ले लिया। जिसके कारण अब प्रबंध कार्यकारिणी के 21 सदस्यों का ही नामांकन अंतिम हो गया है, और क्योंकि 21 सदस्य ही कार्यकारिणी के चुने जाने हैं। अतः कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव की भी अब कोई आवश्यकता नहीं रही।
प्रबंध तंत्र के अध्यक्ष पद पर डॉक्टर ओम प्रकाश अग्रवाल ने नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद उपाध्यक्ष पद पर श्री अमित बंसल, सचिव पद पर श्री विवेक कुमार गर्ग एवं अतिरिक्त सचिव पद पर श्री शुभेंदु मित्तल ने अपना नामांकन किया था। अर्थात इन ऊपर के चारों पदों पर केवल एक-एक ही नामांकन पत्र दाखिल हुआ। जिसके कारण से इन चारों पदों पर इन सभी का निर्विरोध रूप से निर्वाचित हो जाना तय हो गया था। मुख्य चुनाव अधिकारी डा युद्धवीर सिंह ने कॉलेज के चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया है। मेरठ कॉलेज के प्रेस प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रोफेसर चंद्रशेखर भारद्वाज ने बताया कि भले ही चुनाव मैदान में किसी भी पद पर किसी विरोधी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है किंतु फिर भी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 01/09/ 2024 को ही चुनाव के परिणामों की विधिवत एवं आधिकारिक घोषणा मुख्य चुनाव अधिकारी के द्वारा की जाएगी।
मेरठ कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष डॉ रामकुमार गुप्ता ने बताया की मेरठ कॉलेज का नया प्रबंध तंत्र एवं चुने गए सचिव, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अतिरिक्त सचिव मेरठ कॉलेज की उन्नति के लिए अपनी सारी ऊर्जा का प्रयोग करेंगे और मेरठ कॉलेज अगले 3 वर्षों में ऐतिहासिक उन्नति प्राप्त करेगा। मेरठ कॉलेज के वर्तमान मंत्री डॉ ओपी अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया की मेरठ कॉलेज उनके अध्यक्ष काल में अपनी ऐतिहासिक समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाएगा। नई प्रबंध कार्यकारिणी के चुने जाने वाले सदस्यों में शुभंकर शर्मा, अंकुर जैन, संजीवेश्वर प्रकाश एवं जयवीर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया की चुनाव परिणाम की घोषणा होने के बाद पूरी प्रबंध कार्यकारिणी एवं नया प्रबंध तंत्र मेरठ कॉलेज की दिशा एवं दशा दोनों को एक सकारात्मक मोड़ देगा और इस ऐतिहासिक समृद्ध विरासत वाले मेरठ कॉलेज को न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सक्षम पहचान दिलाई जाएगी।
No comments:
Post a Comment