मांझी की पार्टी के प्रवक्ता दानिश रिजवान गिरफ्तार

 सुषमा बड़ाईक पर गोली चलाने का आरोप
आरा (एजेंसी)।
पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हम के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसे मांझी की पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। रिजवान को बिहार पुलिस की मदद से झारखंड की पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। रिजवान पर रांची की चर्चित महिला सुषमा बड़ाईक पर गोली चलाने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के रांची स्थित अरगोड़ा थाना क्षेत्र के सहजानंद चौक के समीप पिछले महीने चर्चित महिला सुषमा बड़ाईक को गोली मारी गई थी। इस मामले में पुलिस ने गुरुवार को आरोपित हम पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान को गिरफ्तार किया है। आरोपित आरा टाउन थाना के तरी मोहल्ला का निवासी है।
रांची से आई पुलिस टीम ने टाउन पुलिस के सहयोग से आरा कोर्ट के समीप से आरोपित को धर दबोचा। झारखंड पुलिस आरोपी को अब ट्रांजिट रिमांड पर रांची ले जाने की प्रक्रिया पूरी करने में लगी हुई है। इधर, हम नेता की गिरफ्तारी को लेकर काफी देर खलबली मची रही।
इधर, हम प्रवक्ता दानिश रिजवान गुरुवार को एक केस की तारीख को लेकर आरा सिविल कोर्ट में गए थे। इस दौरान टाउन पुलिस और रांची पुलिस ने बाहर में जाल बिछाया था। कोर्ट से बाहर निकलते ही पुलिस ने हम प्रवक्ता को धर दबोचा और टाउन थाना लेकर चली गई।
गौरतलब है कि विगत 13 दिसंबर 2022 को बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र के सहजानंद चौक के समीप सुषमा बड़ाईक को गोली मारकर घायल कर दिया था। सुषमा को मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुषमा को दो गोली लगी थीं। अरगोड़ा पुलिस का कहना है सुषमा अपने घर से निकलकर हाईकोर्ट जा रही थीं। एक मामले में उनकी सुनवाई थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts