रंगारंग कार्यक्रम में बच्चों ने मचाया धूम

विद्या ग्लोबल स्कूल में संपन्न हुआ वार्षिकोत्सव ‘विहान-22 अजेय युवा’

मेरठ। बागपत रोड स्थित विद्या ग्लोबल स्कूल में रविवार को वार्षिकोत्सव ‘विहान-22 अजेय युवा’बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ए.डी.एम. (फाईनेंस) पंकज वर्मा मौजूद रहे। विद्यालय के छात्र-छात्राआंे ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विद्या नॉलेज पार्क के चेयरमैन प्रदीप कुमार जैन और मैनेजिंग डायरेक्टर विशाल जैन उपस्थिति रहे। प्रधानाचार्य विनीत सूद की अध्यक्षता में समारोह का आयोजन किया गया।

युवा शक्ति राष्ट्र का प्राण तत्व है, वही उनकी गति, स्फूर्ति, चेतना है। युवाओं की प्रतिभा, पौरुष, तप, त्याग और गरिमा राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है। युवाओं की ऊर्जा अक्षत, यश अक्षय, जीवन अंतहीन, पराक्रम अपराजेय, आस्था अडिग और संकल्प अटल होता है। उक्त पंक्तिओं को प्रेरणा के रूप में ग्रहण करते हुये विद्या ग्लोबल स्कूल (सी.बी.एस.ई.) का वार्षिकोत्सव ‘विहान-22’ अजेय युवा’ संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर में स्वागतोत्सुक छात्रों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उसके बाद मुख्य अतिथि ए.डी.एम. (फाईनेंस) पंकज वर्मा ने माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने मोहक प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। “जमे रहो’ गीत से एक नए भारत के निर्माण को तत्पर विद्यालय के बच्चों ने संस्कृति और विश्वास पर आस्थावान रहने की प्रेरणा देकर भारतीय संस्कृति की महानता बताई।

‘मोहे रंग दे लाल’ नृत्य के माध्यम से सांस्कृतिक मूल्यों का महत्त्व बताया तो राजनीति में बढ़ता भ्रष्टाचार किस प्रकार से समाज, युवा वर्ग को प्रभावित करता है “मदारी’ नाट्यमंचन से सभी को सोचने पर विवश कर दिया। “मंगलाचरण’ शांति श्लोक की प्रस्तुति द्वारा कक्षा के विद्यार्थियों ने सभी के हृदयों को आध्यात्म की भावना से सराबोर कर दिया। युवा शक्ति भारतीय जीवन मूल्यों को विकसित कर सकती है, यह बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा चलाए गए स्वच्छता आंदोलन का समर्थन करते हुए बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ‘ये तारा वो तारा’ गीत के माध्यम से बच्चों ने एकता की शक्ति को प्रकट किया। ‘रन द वर्ल्ड’ के माध्यम से उन्होंने बेटियों के कामयाबी की तरफ बढ़ते उनके कदमों को प्रोत्साहित करने हेतु सभी को जागरूक किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ए.डी.एम. (फाईनेंस) पंकज वर्मा ने सभी विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भूरि- भूरि प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रदर्शित नैतिक मूल्यों, आदर्शों तथा समसामयिक विषयों की सराहना की।

विद्यालय के होनहार विद्यार्थियो ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए गत वर्ष में विद्यालय द्वारा अर्जित उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य विनीत सूद ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों से सुसंस्कारित बनने की प्रेरणा दी। आज के बच्चे भविष्य के कर्णधार हैं, उन्हें अच्छा नागरिक बनाने के लिए शिक्षकों के साथ ही अभिभावकों की जिम्मेदारी बताई और बच्चो के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस मौके पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण का योगदान रहा। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts