कार्तिक पूर्णिमा पर हर हर गंगे से गूंजी विदुर कुटी

 लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

बिजनौर।
कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। बिजनौर में विदुर कुटी के पास लगे गंगा मेले में कार्तिक पूर्णिमा के दिन आठ लाख से ज्यादा लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई। जिलेभर में एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर गंगा स्नान मेला लगा था। इसमें विदुर कुटी पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। अकेले यहीं पर तीन लाख से ज्यादा लोग गंगा के किनारे तंबुओं के शहर में आकर रुके और मंगलवार की सुबह कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान किया। हर ओर हर हर गंगे की जयकारे गूंज उठे।
हालांकि गंगा में स्नान करने के बाद श्रद्धालु अपने गंतव्य की ओर वापस लौटने लगे। वहीं गंगा की रेती में बसी तंबुओं की नगरी एक बार फिर वीरान सी नजर आने लगी है। पिछले तीन दिनों से गंगा के किनारे रंग-बिरंगी लाइट और लाखों श्रद्धालुओं से सराबोर हो रहा मेला फीका पड़ता नजर आने लगा।
इस बार कार्तिक पूर्णिमा से चार दिन पहले ही विदुर कुटी पर तंबुओं शहर बसने लगा था। मंगलवार तक तीन लाख से ज्यादा लोग गंगा की रेती पर तंबु लाकर रुके। उधर सोमवार की रात में हजारों श्रद्धालु बसों और निजी वाहनों से गंगा मेले में पहुंचे। रात में भी हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे थे। रात के समय भी स्नान घाट पर हर हर गंगे के जयघोष गूंज रहे थे।
उधर मेले में भी खासी रौनक दिखाई दी। जैसे-जैसे रात बढ़ी मेले में भीड़ भी बढ़ती गई। मुख्य रास्तों पर गाड़ी तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था। वहीं जिला पंचायत के अधिकारी और पुलिस व्यवस्था बनाने में लगे रहे। मंगलवार की सुबह तक तीन लाख से ज्यादा लोग विदुर कुटी के पास गंगा स्नान कर चुके थे।
बिजनौर गंगा बैराज पर भी मंगलवार की सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। यहां पर सुबह के समय सड़क पर जाम की स्थिति रही, वहीं यहां पर लोग अपने वाहनों से आ रहे थे और स्नान करके अपने घरों को लौट रहे थे। गंगा घाट के पास खाली मैदान बसों और वाहनों से फुल नजर आया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts